undefined

मुजफ्फरनगर भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला कोरोना पाॅजीटिव, सुभारती में भर्ती

विजय शुक्ला को पिछले तीन चार दिनों से बुखार की शिकायत थी। वह लगातार डाॅक्टर से परामर्श करते हुए उपचार करा रहे थे। उनको बुखार से राहत नहीं मिल पा रही थी।

मुजफ्फरनगर भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला कोरोना पाॅजीटिव, सुभारती में भर्ती
X

मुजफ्फरनगर। जनपद में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष के कोरोना वायरस से संक्रमित पाये जाने के बाद संगठन में हलचल मची हुई। भाजपा जिलाध्यक्ष को उपचार के लिए मेरठ स्थित सुभारती मेडिकल काॅलेज में बनाये गये कोविड-19 एल-1 हाॅस्पिटल में भर्ती कराया गया है। उनके परिवारजनों के भी सैम्पल लेने की तैयारी स्वास्थ्य विभाग कर रहा है। इसके साथ ही जिलाध्यक्ष ने उनके सम्पर्क में आये पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व अन्य लोगों को कोविड-19 टेस्ट कराने की सलाह दी है।


भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला कोरोना वायरस संक्रमण के दौरान पार्टी की नीतियों के प्रचार प्रसार के साथ ही पार्टी के कार्यक्रमों के क्रियान्वयन और राज्य एवं केन्द्र सरकार की लाॅक डाउन के दौरान और इसके बाद अनलाॅक के लिए चलायी गयी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचान के लिए सक्रिय तौर पर जुटे हुए थे। उन्होंने लाॅक डाउन में गरीबों तक राशन पहुंचाने का काम किया और जनसहयोग से पका पकाया भोजन भी वितरित कराया। अब उनको कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। सूत्रों के अनुसार विजय शुक्ला को पिछले तीन चार दिनों से बुखार की शिकायत थी। वह लगातार डाॅक्टर से परामर्श करते हुए उपचार करा रहे थे। उनको बुखार से राहत नहीं मिल पा रही थी। डाॅक्टर ने इसके बाद उनको कोविड-19 टेस्ट कराने की सलाह दी। उन्होंने इसके लिए जिला स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से अपना कोविड-19 टेस्ट कराया। उसकी रिपोर्ट में उनको कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद जैसे ही इसकी जानकारी पार्टी कार्यकर्ताओं तक पहुंची तो भाजपा संगठन में हलचल मच गयी। विजय शुक्ला हाल ही के दिनों में पार्टी कार्यालय पर आयोजित कई कार्यक्रमों का हिस्सा रहे हैं। विजय शुक्ला को उपचार के लिए परिजनों ने मेरठ स्थित सुभारती मेडिकल में रविवार को सवेरे ले जाकर भर्ती कराया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से उनके परिजनों के सैम्पल लेने की भी तैयारी की जा रही है। विजय शुक्ला ने पिछले कुछ दिनों में उनके सम्पर्क में रहे लोगों और पार्टी नेताओं एवं संगठन के पदाधिकारियों को भी अपना कोविड टेस्ट कराने का आग्रह किया है।

चेतन चैहान के संक्रमित होने पर कराया था टेस्ट, रिपोर्ट आई थी निगेटिव


इससे पहले भी भाजपा में कोविड संक्रमण को लेकर उस समय हलचल मची थी, जबकि यहां के प्रभारी मंत्री चेतन चैहान कोरोना संक्रमित पाये गये थे। राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री चेतन चैहान 4 जुलाई 2020 को मुजफ्फरनगर में वन महोत्सव कार्यक्रम के लिए आये थे। इसके बाद वह मंत्री कपिल देव अग्रवाल के पिता के निधन पर शोक व्यक्त करने गांधीनगर स्थित उनके आवास पर पहुंचे थे। उनके संक्रमित होने के बाद मंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला और अन्य कार्यकर्ताओं ने अपना कोविड टेस्ट कराया था, 14 जुलाई को यह रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को प्राप्त हुर्ठ थी, इनमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव आयी थी। अब इसके एक माह बाद विजय शुक्ला पाॅजीटिव पाये गये हैं।

भाजपा के लिए समर्पित रहा है शुक्ला परिवार


विजय शुक्ला का पूरा परिवार भाजपा के प्रति पूर्ण रूप से समर्पित रहा है। विजय शुक्ला बाल्यकाल से ही भाजपा के सदस्य हैं। उनके पिता महावीर शुक्ला भी आरएसएस के स्वयंसेवक थे। उन्होंने आरएसएस और जनसंघ के लिए काम किया। विजय शुक्ला भी अपने पिता के पदचिन्ह पर चलते हुए भाजपा के प्रति समर्पित रहे। वह भाजपा में महामंत्री भी रहे। दिसम्बर 2019 में पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा को देखकर ही उन्हें जिले की कमान सौंपी गई। बीते दो नगर निकाय चुनावों से वह नगर पालिका चेयरमैन के टिकट के लिए दावेदार थे। मुजफ्फरनगर जिलाध्यक्ष की चुनाव प्रक्रिया के दौरान जनपद के 35 भाजपाइयों ने अपना नामांकन कराया था। पार्टी संगठन ने लंबे मंथन के बाद मुजफ्फरनगर के जिलाध्यक्ष के पद पर जब विजय शुक्ला के नाम की घोषणा तो जमीनी स्तर के पार्टी कार्यकर्ताओं में हर्ष नजर आया। विजय शुक्ला जब लखनऊ से लौटे तो उनका ऐतिहासिक स्वागत कार्यकर्ताओं ने किया था।

Next Story