मंत्री कपिल देव के प्रयास से मुजफ्फरनगर को मिला नया गेस्ट हाउस
राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव ने अफसरों को साथ लेकर किया स्थलीय निरीक्षण, पीडब्ल्यूडी ने दी नये गेस्ट हाउस के निर्माण की स्वीकृति
मुजफ्फरनगर। राज्य सरकार में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल की मांग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मुजफ्फरनगर में नए पी.डब्ल्यू.डी. गेस्ट हाउस के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने आज अफसरों को साथ लेकर स्थलीय निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
जनपद में वीआईपी आगंतुकों के ठहरने के लिए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नए पी.डब्ल्यू.डी. गेस्ट हाउस के निर्माण को लंबे समय से प्रयासरत सदर विधायक एवं स्वतंत्र प्रभार मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनपद मुजफ्फरनगर में राष्ट्रीय राजमार्ग किमी.-122 के समीप पुराने बाईपास की अनुपयोगी भूमि पर नए निरीक्षण भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान की है।
मंत्री कपिल देव ने अधिशासी अभियंता एस.पी. सिंह, ए.ई. एस.के. सैनी एवं पी.डब्ल्यू.डी. के अन्य अधिकारियों के साथ साइट का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने निर्माण कार्य की उच्च गुणवत्ता एवं आधुनिक सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए भी अफसरों को निर्देशित किया।
मा०मुख्यमंत्री श्री @myogiadityanath जी व मा० उपमुख्यमंत्री श्री @kpmaurya1 जी द्वारा मुजफ्फरनगर में पी.डब्ल्यू.डी. गेस्ट हाउस के लिये स्वीकृति प्रदान की गई, उनका बहुत - बहुत आभार।
— Kapil Dev Aggarwal (@KapilDevBjp) September 14, 2021
पी.डब्लू.डी. अधिकारियों के साथ नए गेस्ट हाऊस की साइट का स्थलीय निरीक्षण कर जरूरी दिशा निर्देश दिये। pic.twitter.com/C06mI6Z3YK
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का धन्यवाद देते हुए कपिल देव ने बताया कि लगभग 4 करोड़ की लागत से 5,000 वर्ग मीटर में 8 कक्षों का एक भव्य गेस्ट हाउस बनेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश के चंहुमुखी विकास को कृत संकल्पित है। बता दें कि अभी मुख्यालय पर सिंचाई विभाग का आर्य समाज रोड और पीडब्ल्यूडी का मेरठ रोड पर गेस्ट हाउस है। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष हरेंद्र पाल, कपिल त्यागी, जिला पंचायत सदस्य तरुण पाल, सागर बाल्मीकि आदि उपस्थित रहे।