undefined

लाठचार्ज पर बिफरे सपाईयों ने फूंका सीएम योगी का पुतला, पुलिस रह गई हक्की-बक्की

सिविल लाइन थाना प्रभारी डीके त्यागी और शहर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल कपरवान मय फोर्स मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सपा कार्यकर्ता पुतला दहन कर चुके थे।

लाठचार्ज पर बिफरे सपाईयों ने फूंका सीएम योगी का पुतला, पुलिस रह गई हक्की-बक्की
X

मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी द्वारा कोरोना काल में राष्ट्रीय स्तर पर परीक्षा, यूरिया संकट और अन्य मुद्दोें को लेकर योगी सरकार के खिलाफ चलाये जा रहे आंदोलन को लेकर आज सपा के युवा कार्यकर्ताओं ने शहर में प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला दहन किया। सपाईयों के सामने दो थानों की पुलिस फोर्स मूक दर्शक बनकर रह गयी। मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने को लेकर सपाईयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस प्रदर्शन के चलते शहर में जाम लग गया था।

शुक्रवार को सपा युवजन सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष शमशेर मलिक व पूर्व उपाध्यक्ष राशिद मलिक के नेतृत्व में युवा कार्यकर्ताओं ने कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बावजूद भी देश में नीट और जेईई प्रवेश परीक्षा कराने को लेकर रोष जताया। इन कार्यकर्ताओं ने कोरोना में परीक्षा की व्यवस्था के खिलाफ लखनऊ में शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे सपा के यूथ फ्रन्टल संगठनों के नेताओं पर बर्बर लाठीचार्ज पर रोष जताते हुए कहा कि पुलिस ने यह राज्य सरकार के आदेश पर किया है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में लगातार कानून व्यवस्था बिगड़ रही है। इसी के विरोध में कार्यकर्ताओं ने टाउनहाल रोड पर बालाजी मंदिर के पास सड़क के बीचोबीच प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला दहन किया।


शमशेर मलिक ने बताया कि आज कोरोना के साथ ही बाढ़ से पूरा देश प्रभावित है। ऐसे में ट्रेन और बसों का संचालन भी नहीं हो पा रहा है। ऐसे माहौल में भी केन्द्र सरकार नीट और जेईई जैसे महत्वपूर्ण एग्जाम कराने की तैयारी कर रही है। ऐसे में सरकार देश के लाखों युवाओं का भविष्य अंधकार में डाल रही है तो वहीं उनके परिवार को भी संकट मेें डाला जा रहा है। यदि परीक्षा हुई तो लाखों युवा परीक्षा स्थल तक भी नहीं पहुंच पायेंगे। सपा नेताओं ने कहा कि इस सरकार को आम जनता की मुश्किलों से कोई भी सरोकार नहीं है। लखनऊ में परीक्षा के आयोजन का विरोध करने पर युवाओं पर लाठीचार्ज किया जाना गलत है। उन्होंने इसकी निंदा करते हुए रोष जताया। इस दौरान मुख्य रूप से शहजाद राना, अताउर्रहमान, आरिफ अंसारी, मनोज कुमार, सनव्वर खान, मुशर्रफ अंसारी, दीपक कुमार, वसीम राणा, सरताज मलिक आदि सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सपाईयों के द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला दहन किये जाने की सूचना मिलने पर पुलिस में हड़कम्प मच गया। सिविल लाइन थाना प्रभारी डीके त्यागी और शहर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल कपरवान मय फोर्स मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सपा कार्यकर्ता पुतला दहन कर चुके थे। वहां पर सड़क के बीच केवल राख बची थी। सपाईयों के प्रदर्शन के कारण यहां पर भयंकर जाम लग गया था। पुलिस कर्मियों ने सपाईयों से सड़क के बीच से हटाकर साइड किया और यातायात सुचारू कराया। इसके संबंध में इंस्पेक्टर कोतवाली अनिल कपरवान ने बताया कि पुतला दहन करने वाले सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने पर मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।

Next Story