undefined

पुलिस चौकी के पास क्या बन रहा? ईओ साहब बताओ!

मुजफ्फरनगर के जीटी रोड पर दशकों से लगे कूड़े के ढेर हटे तो लोगों में बनी जिज्ञासा, सभासद अरविन्द धनगर ने लिखी ईओ को चिट्ठी

पुलिस चौकी के पास क्या बन रहा? ईओ साहब बताओ!
X

मुजफ्फरनगर। नगरपालिका परिषद् में छोटे से बड़े कामकाज की मंजूरी के लिए बोर्ड की अनुमति भले ही जरूरी नियम हो, लेकिन शहर में होने वाले कई काम ऐसे भी करा दिये जाते हैं, जिनकी भनक भी बोर्ड के सदस्यों को नहीं हो पाती। ऐसा ही एक मामला सामने आने पर लोगों में विकास कार्य होने पर जिज्ञासा बढ़ी, तो उन्होंने सभासद को घेर लिया। सभासद को भी कार्य की जानकारी नहीं होने पर लोगों ने हैरत जताई तो सभासद ने ईओ को चिट्ठी लिखकर सवाल पूछ लिया कि पुलिस चौकी के पास आखिर बन क्या रहा है?

नगरपालिका परिषद् के वार्ड 13 के सभासद अरविन्द धनगर ने ईओ पालिका हेमराज सिंह को चिट्ठी लिखी है। उसमें उन्होंने बताया कि रुड़की रोड पर स्थित पुलिस चौकी के पास लगे कूड़े के ढेरों को हटाकर वहां पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। यह बन क्या रहा है, किसी को पता तक भी नहीं है। सभासद ने कहा कि पुलिस चौकी के पास नगरपालिका की जमीन पर खुदाई का कार्य चल रहा है और अब वहां पर भूमि को समतल कर रोडी बिछाई जा रही हैं। यह कौन सा प्रोजेक्ट है? सभासद ने कहा कि 01 नवम्बर की बोर्ड बैठक में इस भूमि पर कोई ऐसा प्रोजेक्ट सदन के संज्ञान में नहीं लगाया गया था। यह बिना बोर्ड की अनुमति के हो रहा है या इसके लिए कोई प्रस्ताव पारित हुआ था, इन सवालों के जवाब भी ईओ से मांगे गये हैं। उन्होंने कहा कि लोग लगातार इसके लिए उनसे पूछ रहे हैं।


बता दें कि रुड़की रोड पर पुलिस चौकी के पीछे करीब दो-ढाई दशक पूर्व नगरपालिका की भूमि पर डंपिंग ग्राउण्ड बना हुआ था। यहां पर शहर से एकत्र कूड़ा डाला जाता रहा। बाद में सोलिड वेस्टर मैनेजमेंट प्लांट बनने के बाद इसे बन्द कर दिया गया और कूड़ा किदवईनगर प्लांट में जाने लगा। तभी से यहां पर कूड़ा करकट के पहाडनुमा ढेर लगे हुए हैं। अब इस भूमि का कायाकल्प किया जा रहा है। यहां पर निर्माण कार्य कई दिनों से चल रहा है। इसके लिए कूड़े के ढेर हटवाये गये हैं। नियमानुसार किसी भी विकास कार्य या प्रोजेक्ट के लिए साइट पर सम्बंधित कार्ययोजना का नाम, लागत और ठेकेदार या कार्यदायी संस्था की जानकारी के सम्बंध में बोर्ड लगाया जाना आवश्यक है ताकि आम जनता को उस निर्माण कार्य के बारे में जानकारी हो सके, लेकिन नगरपालिका के किसी भी विकास कार्य में इसको लागू ही नहीं किया जाता है। यही कारण है कि इस कार्य के लिए भी लोगों में जिज्ञासा बनी हुई है। ईओ हेमराज सिंह ने बताया कि इस भूमि पर पालिका ने शासन के निर्देशानुसार गीला और सूखा कूड़ा एकत्र करने के लिए एमआरएफ सेंटर ;मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटीद्ध का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए बोर्ड की अनुमति पर ही कार्य हो रहा है। बिना बोर्ड के तो हम सौ रुपये का काम भी नहीं करा सकते हैं। इसके लिए सभासद की चिट्ठी अभी नहीं मिली है। सभासदों को इसकी जानकारी है। वहीं सभासद अरविन्द धनगर ने कहा कि बोर्ड को विकास कार्यों की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि यदि वहां पर एमआरएफ सेंटर बनाया जा रहा है तो यह गलत है, मुख्य मार्गों पर ऐसा कूड़ा सेंटर नहीं होना चाहिए। यहां से गन्दगी हटाने के लिए काफी साल से प्रयास किये जा रहे हैं, लेकिन अब जबकि यहां से गन्दगी के ढेर हटाये गये तो यहां पर फिर से कूड़ा घर बनाने की योजना शुरू कर दी गयी।

Next Story