undefined

शेयर बाजार में हाहाकार-भारी गिरावट से डूबे 6 लाख करोड़

शेयर बाजार में हाहाकार-भारी गिरावट से डूबे 6 लाख करोड़
X

नई दिल्ली। आज सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शेयर बाजार में भारी गिरावट आई। अमेरिकी बाजारों में बिकवाली के चलते दुनियाभर के शेयर बाजार धड़ाम हुए, जिसका असर घरेलू शेयर बाजार पर भी दिखा। बाम्बे स्टाक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 1939.32 अंक यानी 3.80 फीसदी की गिरावट के साथ 49099.99 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी 568.20 अंक यानी 3.76 फीसदी नीचे 14529.15 के स्तर पर बंद हुआ। दरअसल, अमेरिका में बान्ड यील्ड बढ़ने और टेक्नोलाजी शेयरों में बिकवाली के चलते प्रमुख इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुए।

इससे पहले एक दिन में इतनी बड़ी गिरावट चार मई 2020 को देखने को मिली थी, जब इंडेक्स दो हजार अंकों से ज्यादा फिसला गया था। आज बाजार की इस भारी गिरावट में निवेशकों के छह लाख करोड़ रुपये डूब गए। 25 फरवरी को बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 2,06,18,471.67 करोड़ रुपये था। जबकि आज यह घटकर 2,00,64,472.99 करोड़ रुपये रह गया। निवेशकों को हर मिनट 1,450 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है।

अमेरिकी बाजारों में आई भारी बिकवाली के चलते दुनियाभर के शेयर बाजारों में गिरावट है। नैस्डैक इंडेक्स 478 अंकों की गिरावट के साथ 13,119 पर बंद हुआ था और डाउ जोंस 559 अंक नीचे बंद हुआ था। जापान का निक्केई इंडेक्स 737 अंक नीचे 29,430 पर है। हांगकांग का हेंगसेंग इंडेक्स 771 अंक नीचे 29,303 पर कारोबार कर रहा है। चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स, कोरिया का कोस्पी और आस्ट्रेलिया का आल आर्डनरीज इंडेक्स दो-दो फीसदी नीचे है। दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज सभी शेयर लाल निशान पर बंद हुए। शीर्ष गिरावट वाले शेयरों में ओएनजीसी, एम एंड एम, पावर ग्रिड, जेएसडब्ल्यू स्टील और हीरो मोटोकार्प के शेयर शामिल हैं।

Next Story