undefined

भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से मिले केन्द्रीय मंत्री संजीव बालियान

मुजफ्फरनगर जनपद के सौरम प्रकरण को लेकर मचे सियासी बवाल के बीच रालोद मुखिया चौ. अजित सिंह को शाहपुर में बड़ी सभा करने के साथ ही चुनाव मैदान में मुकाबला करने की चुनौती देने वाले केन्द्रीय मंत्री संजीव बालियान से पार्टी अध्यक्ष ने आगामी रणनीति पर चर्चा की।

भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से मिले केन्द्रीय मंत्री संजीव बालियान
X

मुजफ्फरनगर। संसदीय सीट मुजफ्फरनगर से भाजपा के सांसद और भारत सरकार में पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य पालन विभाग के राज्यमंत्री डाॅ. संजीव बालियान ने बीते दिन जहां शाहपुर क्षेत्र में जनता के बीच जाकर सौरम प्रकरण पर अपना पक्ष रखते हुए विपक्ष को खुली चुनौती देते हुए समाज में विघटन की स्थिति पैदा करने के आरोप लगाये, वहीं उन्होंने आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से उनके कार्यालय पर पहुंचकर मुलाकात की।

बता दें कि सौरम में केन्द्रीय राज्य मंत्री डाॅ. संजीव बालियान की उपस्थिति में किसानों द्वारा विरोध किया गया, तो कुछ लोगों जिनको केन्द्रीय राज्य मंत्री का समर्थक और भाजपा कार्यकर्ता बताया जा रहा है, ने इनकी पिटाई कर घायल कर दिया था। इसको लेकर राजनीतिक गरमाहट बनने के साथ ही बवाल मचा हुआ है। ऐसे में गत दिवस केन्द्रीय मंत्री संजीव बालियान ने जहां मीडिया के बीच जाकर सौरम प्रकरण पर अपना पक्ष रखा, वहीं वह रालोद नेता अजित सिंह को चुनौती देने के लिए शाहपुर में पहुंचे और ईंट भट्टे पर क्षेत्र के बुजुर्ग किसानों व युवाओं ने उनके समर्थन में एक सभा का आयोजन किया। इसमें सांसद संजीव बालियान ने सीधे तौर पर सपा और रालोद के लोगों पर किसान आंदोलन के नाम पर सामाजिक विघटन पैदा करने की साजिश रचने के आरोप लगाये।

वह रात्रि में दिल्ली रवाना हो गये थे। आज सुबह उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से उनके कार्यालय पहुंचकर मुलाकात। सूत्रों के अनुसार इस मुलाकात के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने मंत्री संजीव बालियान से सौरम प्रकरण के बारे में चर्चा की। वहीं पार्टी की आगामी रणनीति को लेकर भी वार्ता की गयी। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए भी आगामी योजना पर दोनों नेताओं के बीच बातचीत की गयी है। बता दें कि संजीव बालियान को भाजपा ने पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए चुनी गयी अपनी टीम-7 में शामिल कर रखा है। संजीव बालियान पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार में काफी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

Next Story