undefined

उत्तराखंड में भाजपा को फिर मिला 'चैंपियन', कुंवर प्रणव की घर वापसी

गत वर्ष विधायक प्रणव सिंह चैंपियन का एक वीडियो वायरल हुआ था, इसमें उत्तराखंड को लेकर उनके द्वारा तीखी टिप्पणी की गयी थी। इससे राज्य में नया सियासी बवंडर पैदा हो गया था। इसी कारण भाजपा से उन्हें छः वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया गया था।

X

देहरादून। अभद्रता और विवादों को जन्म देने के कारण छह साल के लिए पार्टी से निकाले जाने के मात्र एक साल बाद ही भाजपा को फिर से अपना चैंपियन मिल गया है। आज पूरे जोश और उत्साह के साथ हरिद्वार जनपद की खानपुर विधानसभा से विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की भाजपा में निष्कासन खत्म कर दिया गया और सम्मान सहित उनकी घर वापसी हो गयी। इस अवसर पर कुंवर प्रणव सिंह ने अपने आचरण के लिए देवभूमि की जनता से माफी मांगते हुए पार्टी नेतृत्व से वादा किया है कि वह फिर कभी भी ऐसी कोई हरकत नहीं करेंगे। उन्होंने पार्टी नेताओं के समक्ष पूर्व की गलती के लिए खेद भी व्यक्त किया।

भाजपा से निष्कासित खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने सोमवार को देहरादून स्थित भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व अन्य वरिष्ठ नेताओं के पास पहुंचकर अपना पक्ष रखा और गलती के लिए खेद व्यक्त करने के साथ ही उनकी घर वापसी हो गयी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के आवास पर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी अध्यक्ष बंशीधर भगत ने उनकी घर वापसी कराते हुए कहा कि विधायक प्रणव सिंह चैंपियन को एक और मौका दिया जा रहा है। उन्होंने पिछले दिनों में हुई अपनी कुछ गलतियों की क्षमा याचना की है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक अनुशासित पार्टी है तथा इसमें पार्टी की विचारधारा में रहकर कार्य करना प्रत्येक कार्यकर्ता का कर्तव्य है। इसलिए पार्टी द्वारा उनके पक्ष को देखते हुए उनको पुनः पार्टी में शामिल किया गया है।


ज्ञात रहे कि गत वर्ष विधायक प्रणव सिंह चैंपियन का एक वीडियो वायरल हुआ था, इसमें उत्तराखंड को लेकर उनके द्वारा तीखी टिप्पणी की गयी थी। इससे राज्य में नया सियासी बवंडर पैदा हो गया था। इसी कारण भाजपा से उन्हें छः वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया गया था। इस निष्कासन के बाद प्रणव सिंह पूरी तरह से शांत हो गये थे। उनका आचरण भी विवादित नहीं रहा और उनके एक साल के इसी आचरण को देखते हुए भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने उनको पिछले दिनों मुख्यालय में तलब किया था। इसके साथ ही उनकी पार्टी में वापसी का रास्ता खुल गया था।

आज भाजपा को फिर से ज्वाइन करते हुए विधायक प्रणव सिंह चैंपियन ने कहा कि वह पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं तथा पार्टी की रीति-नीति के अनुसार ही वे पार्टी में रह कर जनता की सेवा करेंगे। उन्होंने कहा कि वह अपनी पूर्व की कुछ गलतियों के कारण देवभूमि की जनता से माफी मांगते हैं। इस अवसर पर उनकी पत्नी रानी देवयानी सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाजपा में शामिल होने पर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन का गर्मजोशी से स्वागत किया।

Next Story