undefined

अखिलेश यादव बोले- अयोध्या के राम मंदिर में चंदा नहीं दूंगा!

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर देश को महंगाई की भट्टी में झौंकने और मां गंगा के साथ धोखा करने के आरोप लगाये।

अखिलेश यादव बोले- अयोध्या के राम मंदिर में चंदा नहीं दूंगा!
X

वाराणसी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर चंदे का नाम ही बदल देने के आरोप लगाये है। उन्होंने कहा कि आज देश में राम मंदिर के निर्माण के लिए चंदा एकत्र किया जा रहा है, लेकिन शायद इन लोगों को पता ही नहीं है कि मंदिर में चंदा नहीं, दक्षिणा दिया जाता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी लोग जिस मंदिर में जाते हैं, दक्षिणा देते हंै, आज भी हम जिन मंदिरों में गए, वहां पर हमने दक्षिणा ही दिया है। अयोध्या भी जाएंगे तो हम मंदिर निर्माण के लिए चंदा नहीं देंगे, हम मंदिर के लिए दक्षिणा देकर आयेंगे। उन्होंने कहा कि सपा के कार्यकाल में हुए कार्यों को भाजपा के लोग और योगी आदित्यनाथ अपना बता रहे। किसानों का गला घोंटकर किसान सम्मान निधि का प्रचार हो रहा है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में पत्रकारों से बातचीत में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि इस समय हर चीज महंगी हो गई, डीजल और पेट्रोल के साथ रसोई गैस की कीमत भारी मात्रा में बढ़ी हैं, लेकिन सरकार का ध्यान इस ओर है ही नहीं। उज्जवला के नाम पर वोट लिया गया, गरीबों का चूल्हा रोशन करने को लेकर बड़ी बड़ी बातें की गयी, अब गैस की कीमत बढ़ा दी गई है। अखिलेश ने सवाल किया कि पेट्रोल से हो रहा मुनाफा आखिर जा कहां रहा है। उन्होंनेे कहा कि जो मां गंगा को धोखा दे सकते हैं, वो किसी को भी छल दे सकते हैं।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि सूबे में सपा की सरकार बनने पर प्रत्येक महिला के खाते में एक हजार रुपये भेजे जाएंगे। भाजपा ने समाजवादी पेंशन योजना को चुराकर किसान सम्मान निधि बना दिया। समाजवादी पेंशन योजना के तहत प्रत्येक व्यक्ति को पांच सौ रुपये सपा सरकार ने दिया है। उन्होंने भाजपा सरकार पर सपा की योजनाओं को चुराकर नाम बदलने का आरोप लगाया। कहा कि पाइप पेयजल मिशन योजना सपा के शासन में ही स्वीकृत की गई थी। इस संबंध में तेलंगाना के मुख्यमंत्री को बुलाकर प्रजेंटेशन भी लिया गया था। वे नगर के साईं गार्डेन में आयोजित प्रशिक्षण शिविर के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2022 में हम छोटे दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे।

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ईस्ट इंडिया कम्पनी की तरह कार्य कर रही है। ईस्ट इंडिया कम्पनी ने जैसे देश को गुलाम बनाया था। उसी तरह भाजपा सरकार सरकारी कम्पनियों को बेचकर देश को गुलामी की कगार पर पहुंचा दिया है। एयरपोर्ट एक भी नहीं बनवाया और बेच दिए। रेलवे में प्लेटफार्म टिकट का भी दाम बढ़ा दिया। आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिस एक्सप्रेस-वे का गुणगान कर रहे हैं, वह सपा के शासन में स्वीकृत किया गया था। सपा के शासन काल में बनी सड़कों की गुणवत्ता भी किसी मायने में कम नहीं है। आगरा एक्सप्रेस-वे पर हमने हवाई जहाज उतार दिया। उन्होंने कहा कि समस्याओं को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों का गला घोंटने वाले किसान सम्मान निधि का प्रचार कर रहे हैं। यह धनराशि तो समाजवादी पेंशन योजना के तहत लोगों को पहले से ही मिलती रही है। अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में भाषा और आचरण का जो ह्रास दिखाई दे रहा है वह चिंतनीय है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने माघीपूर्णिमा के पावन पर्व पर आस्था और विश्वास के साथ पवित्र संगम में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं के सुख-समृद्धि की कामना की। अखिलेश यादव ने सीर गोवर्धन स्थित संत रविदास मंदिर पहुंच कर श्रद्धासुमन अर्पित किया।

Next Story