undefined

MUZAFFARNAGAR LOKSABHA 2014-भाजपा के संजीव ने सपा-कांग्रेस की जब्त करा दी थी जमानत

पांच साल बाद अजित सिंह ने दी थी करारी टक्कर, चार लाख से जीत का अंतिर 6500 पहुंचा। इस बार संजीव के सामने सपा के हरेन्द्र और बसपा के दारा बने बड़ी चुनौती

MUZAFFARNAGAR LOKSABHA 2014-भाजपा के संजीव ने सपा-कांग्रेस की जब्त करा दी थी जमानत
X

मुजफ्फरनगर। लोकसभा सीट मुजफ्फरनगर में इस बार 11 प्रत्याशियों के बीच फाइट है। भाजपा से संजीव बालियान तीसरी बार चुनाव मैदान में हैं, जनता ने उनको 2014 और 2019 में लगातार दो बार सांसद चुना। 2019 में उन्होंने दिग्गज भारतीय राजनेता अजित सिंह को पराजित किया। दोनों बार वो केन्द्र में मंत्री बनाये गये हैं। उनकी हैट्रिक को रोकने के लिए चार दशक से सियासत में सक्रिय और लगातार चार विधानसभा चुनाव जीतने का रिकार्ड बनाने वाले सपा के राष्ट्रीय महासचिव पूर्व सांसद हरेन्द्र मलिक तथा बसपा के प्रत्याशी दारा सिंह प्रजापति मुख्य मुकाबले में नजर आ रहे हैं।

साल 2014 का चुनाव मोदी मैजिक के साथ ही मुजफ्फरनगर दंगों की तपिश में हुआ था। भाजपा की पूरी आंधी चली और सभी पांच विधानसभा सीटों पर प्रत्येक सीट पर भाजपा के संजीव बालियान ने एक लाख से ज्यादा मतदाताओं का समर्थन हासिल किया था। इस चुनाव में कांग्रेस और सपा के प्रत्याशी भी अपनी जमानत नहीं बचा पाये थे। हालांकि अगले चुनाव में अजित सिंह ने संजीव बालियान को करारी टक्कर दी थी और उनकी जीत का अंतर चार लाख से घटकर 6500 ही रह गया था। इस बार उनके सामने सपा के हरेन्द्र मलिक और बसपा के दारा सिंह को बड़ी चुनौती के रूप में देखा जा रहा है। यहां यह चुनाव त्रिकोणीय मुकाबले में सिमटता नजर आ रहा है। मुस्लिमों का साइलेंट वोट जीत और हार के लिए मुख्य रूप से महत्वपूर्ण रहेगा।

लोकसभा चुनाव 2024 में मुजफ्फरनगर संसदीय सीट के चुनाव में भाजपा के संजीव, सपा के हरेन्द्र ओर बसपा के दारा के साथ ही सुनील त्यागी, कविता पुंडीर, बीरबल, नील कुमार, शशीकांत, अंकुर, रेनू शर्मा और मनुज वर्मा मैदान में डटे हुए हैं। इनमें से कविता पुंडीर ने मायावती की रैली के दौरान अपने पति और गाजियाबाद से बसपा प्रत्याशी नंदकिशोर सिंह पुंडीर के साथ मंच पर पहुंचकर बसपा के दारा सिंह के समर्थन में चुनाव मैदान से हटने का ऐलान कर दिया था।

लोकसभा चुनाव 2024--एक पोलिंग स्टेशन पर 2 हजार मतदाता

मुजफ्फरनगर संसदीय सीट की पांच विधानसभा सीटों बुढ़ाना, चरथावल, खतौली, मुजफ्फरनगर और सरधना पर 1816284 वोटर हैं। 760 पोलिंग स्टेशन, 1698 पोलिंग बूथ बनाये गये हैं। 38 प्रत्याशियों ने नामांकन किया था, स्क्रूटनी में 27 के नामांकन पत्र त्रुटियों के कारण निरस्त किये गये। अब यहां पर भाजपा के संजीव बालियान, सपा के हरेन्द्र मलिक और बसपा के दारा सिंह सहित 11 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। एक पोलिंग स्टेशन पर औसतन 2 हजार से ज्यादा वोटर पंजीकृत हैं।

लोकसभा चुनाव 2019--6500 वोटों के अंतर से हारे थे अजित

मुजफ्फरनगर संसदीय सीट की पांच विधानसभा सीटों पर 1698003 वोटर पंजीकृत थे, इनमें से 1161774 करीब 68.42 प्रतिशत वोटरों ने वोटिंग की थी। 22 प्रत्याशियों ने नामांकन किया था, 10 प्रत्याशियों में से आठ की जमानत जब्त हुई। 1800 मतदान केन्द्र बनाये गये, एक केन्द्र पर 943 वोटर थे। भाजपा के संजीव बालियान ने विपक्ष के अजित सिंह को 6500 वोटों के अंतर से हराया था।

लोकसभा चुनाव 2014--4 लाख वोटों के चंदन से संजीव का हुआ था राजतिलक

मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट पर 1588475 वोटर पंजीकृत थे, इनमें से 1107765 करीब 69.74 प्रतिशत ने मतदान किया था। 30 प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। 19 प्रत्याशियों में से 17 की जमानत जब्त हुई, जिसमें कांग्रेस और सपा के प्रत्याशी भी शामिल रहे। कांग्रेस से उद्योगपति पंकज अग्रवाल और सपा से वीरेन्द्र सिंह गुर्जर ने चुनाव लड़ा था। 1535 मतदान केन्द्र बने थे। एक केन्द्र पर 1035 वोटर थे। भाजपा के संजीव बालियान ने एक तरफा जीत दर्ज करते हुए बसपा के कादिर राणा को 401000 वोटों के अंतर से हराकर बड़ी जीत दर्ज की थी।

Next Story