undefined

PALIKA--चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने लाइनमैन को बांटे गमबूट

पालिका कार्यालयों का किया निरीक्षण, पहली बार उपस्थित मिले सभी अधिकारी-कर्मचारी, त्यौहारों के सीजन में सफाई, पथ प्रकाश और पेयजलापूर्ति सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

PALIKA--चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने लाइनमैन को बांटे गमबूट
X

मुजफ्फरनगर। नगरपालिका परिषद् की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने शनिवार सवेरे टाउनहाल स्थित पालिका मुख्यालय पहुंचकर कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनको कार्यकाल में पहली बार पालिका के सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित मिले। साथ ही उन्होंने पथ प्रकाश विभाग में कार्यरत लाइनमैन को करंट से सुरक्षित रखने के लिए गमबूट का वितरण किया और सभी अधिकारियों को त्यौहार के सीजन को देखते हुए शहरी क्षेत्र में सफाई, पेयजलापूर्ति और पथ प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

नगरपालिका परिषद् की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने त्यौहारों को देखते हुए शहर में सफाई अभियान और पथ प्रकाश आदि व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया है। इसके साथ ही शहरी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को सुधारने और सभी व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश दिये। पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप शनिवार को टाउनहाल पहुंची और अपने कार्यालय में उन्होंने सभासदों व पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ बैठक करते हुए रामलीला मंचन, दशहरा और दिवाली के साथ ही अन्य त्यौहारों को देखते हुए व्यवस्था सुधार को लेकर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने पथ प्रकाश सहित अन्य विभागों का निरीक्षण भी किया।


पथ प्रकाश विभाग में कार्यरत 17 लाइनमैन और कर्मचारियों को पालिकाध्यक्ष ने गमबूट वितरित किये। ये बूट कार्य के दौरान करंट लगने की संभावना से बचाव में कारगर हैं। इसके साथ ही उन्होंने पथ प्रकाश प्रभारी जेई धर्मवीर सिंह, लिपिक गोपीचंद वर्मा और कर्मचारियों को शहरी क्षेत्र में पथ प्रकाश की व्यवस्था को सुधारने के लिए तेज गति से कार्य करने के निर्देश दिये। साथ ही दिवाली से पहले सभी वार्डों में खराब लाइटों को सुधारने पर जोर दिया गया। उन्होंने निर्माण विभाग का निरीक्षण करते हुए वहां पर शहरी विकास के लिए स्वीकृत 124 निर्माण कार्यों के टैण्डर त्वरित व्यवस्था में खोलकर तेजी से विकास कार्य प्रारम्भ कराने के निर्देश दिये। स्वास्थ्य विभाग में निरीक्षण किया तो वहां पर शहरी क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लेकर मिल रही शिकायतों को लेकर नाराजगी जताई और साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने, कूड़ा डलाव घरों से समय से कूड़ा निस्तारण कराये जाने के निर्देश नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. अतुल कुमार को दिये गये।

जलकल विभाग में निरीक्षण के दौरान शहरी क्षेत्र में नलकूप और पाइप लाइन के कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने तेजी से कार्य निपटाने और पेयजलापूर्ति में सुधार के निर्देश दिये गये। इसके साथ ही हैण्डपम्प जहां स्वीकृत हैं, वहां पर लगाने का कार्य शुरू करने के लिए भी जलकल विभाग के एई सुनील कुमार और जेई धर्मवीर सिंह को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्था त्वरित रूप से की जाये। इस दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। इस दौरान सभासद राजीव शर्मा, मनोज वर्मा, मौ. खालिद, हकीम इरशाद, शौकत अंसारी, देवेश कौशिक, हनी पाल, रविकांत शर्मा उर्फ काका, कुसुमलता पाल के अलावा एई निर्माण अखंड प्रताप सिंह, जेई निर्माण विकास कुमार, कपिल कुमार, टीएस नरेश शिवालिया, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. अतुल कुमार, कार्यालय अधीक्षक ओमवीर सिंह, पूर्व सभासद आशुतोष गुप्ता सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Next Story