undefined

MAHASHIVRATRI-शिव चौक पर दिखा आस्था, श्रद्धा और भक्ति का संगम

महाशिवरात्रि पर्व पर शिव के भक्तों ने शिवालयों में की पूजा-अर्चना, भगवान आशुतोष का अभिषेक करने उमड़ा आस्था का सैलाब, अपने आराध्य देव की कृपा पाने को किया पंचामृत अभिषेक

MAHASHIVRATRI-शिव चौक पर दिखा आस्था, श्रद्धा और भक्ति का संगम
X

मुजफ्फरनगर। भगवान आशुतोष की भक्ति के पर्व महाशिवरात्रि पर शुक्रवार को शिव मंदिर में आस्था की गंगोत्री में डूबकी लगाये बाबा की भक्ति से सराबोर श्रद्धालुओं का सैलाब शिव मंदिरों और शिवालयों में उमड़ पड़ा। इस बीच डाक कांवड़ यात्रा भी अपने चरम पर रही और शहर के शिव चौक पर भगवान शिव का अभिषेक करने उमड़े भक्तों के सैलाब के बीच ही डाक कांवडियों की भागभाग का नजारा कौतूहल पैदा करने वाला रहा। सड़कों पर कांवड़ियों का रैला जय जयकार करते हुए मंजिल की ओर बढ़ता रहा। कांवडियों ने जहां अपनी यात्रा को विराम देकर भगवान शंकर को अपनी कांवड़ पूर्ण आस्था के साथ समर्पित करते हुए मनोकामना मांगी, तो वहीं शहर और देहात में भी भगवान शिव का अभिषेक करने के लिए महिला, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे सभी बाबा की भक्ति में लीन होकर मंदिरों की ओर उमड़ पड़े। शिव चौक पर काफी लंबी लाइन लगी तो भक्तों को गंगा जल अर्पित करने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। यहां व्यवस्था बनाने के लिए यातायात भी बंद कर दिया गया। वहीं महाशिवरात्रि पर्व और जुमे की नमाज होने के कारण पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह से अलर्ट नजर आया।


फाल्गुन मास की महाशिवरात्रि के अवसर पर शुक्रवार को जनपद के शहर और गांव देहात तक भगवान शिव के मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। लोग सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए लंबी लाइनें लगाकर खड़े नजर आने लगे थे। हालांकि आधी रात के बाद से ही भगवान शिव की पूजा और अभिषेक शुरू कर दिया गया था। त्रयोदशी में लोगों ने जल चढ़ाया तो काफी संख्या में भक्तजन चतुर्दशी लगने का इंतजार करते रहे और शुभ मुहूर्त होने पर उन्होंने भगवान शंकर का दूध, गंगा जल, बेल पत्र सहित पंचामृत अभिषेक किया।


महाशिवरात्रि के लिए जिले भर में शिवालयों को सजाया गया। बम-बम के जयघोष के बीच शिवालयों में जलाभिषेक शुरू हुआ तो ऐसा लगा मानो शहर में आस्था का सैलाब ही उमड़ पड़ा हो। नगर की हृदयस्थली शिव मूर्ति पर हरिद्वार गंगा से लाए गए गंगा जल का अभिषेक करने वालों की लंबी कतार लगी नजर आई। महिलाओं और पुरुषों की भारी भीड़ होने के कारण यहां पर व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस फोर्स को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। शिव मूर्ति वाली साइड की सड़क पर यातायात को पूरी तरह से बंद कर दिया गया था। इसके साथ ही डाक कांवड़ियों की संख्या भी सवेरे से ही अचानक बढ़ गई है, जिसके चलते शिव चौक के साथ ही भगत सिंह रोड, रुड़की रोड आदि क्षेत्रों में अन्य वाहनों का आवागमन बंद करते हुए पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया गया था। शिव चौक पर तो नजारा पूरी तरह से भक्तिमय नजर आया।


महाशिवरात्रि पर्व पर शिव चौक पर भगवान आशुतोष का मंत्रोच्चार के साथ शृंगार किया गया। जनपद के विभिन्न स्थानों पर स्थित शिवालयों में भगवान आशुतोष को फूलों से सजाया गया। शिव मंदिरों में विशेष महाभिषेक की तैयारी की गई। शिवालयों में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का संगम उमड़ा दिखाई दिया। श्रद्धालु आस्था और भक्ति के साथ शिव का गुणगान करते रहे। संभलहेड़ा के पंचमुखी महादेव मंदिर में भक्तों का हुजूम रहा। नदी रोड स्थित आत्मबोध धाम मंदिर में शिवरात्रि पर्व पर साज-सज्जा की गई। यहां भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजन और दर्शन करने पहुंचे। गांधी कालोनी के श्री अनंतेश्वर महादेव मंदिर और लक्ष्मी नारायण मंदिर में भगवान का आशुतोष का जलाभिषेक किया गया।


अंसारी रोड स्थित प्राचीन भौरों के मंदिर, महादेव मंदिर पंचमुखी में भी श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। भंडूरा का स्वयं उपजे शिव मंदिर में भारी संख्या में ग्रामीण पूजन-दर्शन के लिए पहुंचे। पौराणिक तीर्थ शुकतीर्थ के शुकदेव आश्रम स्थित शिव मंदिर, शिवधाम और अन्य शिवालयों में महाशिवरात्रि पर्व के अनुष्ठान में सैंकड़ों भक्तों ने भाग लिया और भगवान आशुतोष का अभिषेक किया। दोपहर के समय सिटी मजिस्ट्रेट विकास कश्यप ने शिव चौक पहुंचकर यहां भगवान आशुतोष की आरती की। इस दौरान शिव मूर्ति संचालक मंडल के पदाधिकारियों ने उनका और अन्य भक्तों का स्वागत किया। महाशिवरात्रि और जुमे की नमाज होने के कारण जनपद में मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए। मंदिर और मेले में सुरक्षा के लिए जगह-जगह पुलिस कर्मी सुरक्षा में लगे रहे। शिव चौक पर भी भारी पुलिस फोर्स व्यवस्था बनाने में जुटा रहा।

Next Story