undefined

पश्चिमी उत्तर प्रदेश जनता की मांग, मैं भी साथः संजीव बालियान

केन्द्रीय राज्यमंत्री ने रामपुर तिराहा शहीद स्मारक पर दोहराई यूपी के बंटवारे की बात, कहा-भाजपा छोटे राज्यों की पक्षधर, पश्चिम बनेगा तो यहां विकास के रास्ते खुलेंगे, रोजगार का अवसर मिलेगा।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश जनता की मांग, मैं भी साथः संजीव बालियान
X

मुजफ्फरनगर। केन्द्रीय राज्यमंत्री और स्थानीय सांसद डाॅ. संजीव बालियान ने आज रामपुर तिराहा स्मारक पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश को अलग राज्य बनाये जाने की अपनी मांग को दोहराते हुए कहा कि बड़ा राज्य होने के कारण उत्तर प्रदेश की जनता को कई प्रकार की समस्याओं से जूझने के साथ ही विकास से भी वंचित रहना पड़ रहा है। ऐसे में राज्य विभाजन आज के समय की आवश्यकता है और जनता वर्षों से इसकी मांग कर रही है तो मैं भी आवाज उठा रहा हूं और इस मांग में जनता के साथ खड़ा हूं।

रामपुर तिराहा स्मारक पर मीडिया कर्मियों से बात करते हुए केन्द्रीय पशुपालन राज्यमंत्री डाॅ. संजीव बालियान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पहले से ही छोटे राज्यों की पक्षधर है। इसी कारण उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ राज्यों का गठन भाजपा ने अपनी सरकारों में कराया है। ऐसे में उत्तर प्रदेश के विभाजन की मांग समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हमारे राज्य का हाईकोर्ट सवा सात सौ किलोमीटर दूर है। लाहौर हाईकोर्ट हमारे यहां से नजदीक है, लेकिन इलाहाबाद हाईकोर्ट दूर है। ऐसे में सस्ता और सुलभ न्याय हासिल करने में बड़ी समस्या आती हैं। उत्तर प्रदेश बहुत बड़ा राज्य है, करीब 25 करोड़ की आबादी है। ऐसे में बहुत कुछ मैनेज करने में बड़ी समस्या आती है।

मेरठ में आयोजित हुई अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग राज्य के गठन के लिए मांग उठाने के सवाल पर केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि लोगों के मन में यह बात है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश अलग राज्य बनना चाहिए। इस क्षेत्र में करीब 8 करोड़ की आबादी बैठती है, वो भी अपने आप में बड़ी जनसंख्या है। यहां के लोग चाहते हैं, उनके मन की भावना है कि दिल्ली के चारों ओर को मिलाकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश बनाया जाये और इन्हीं लोगों में मैं भी शामिल हूं। क्षेत्रफल के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह बाद का प्रश्न है, जब राज्य गठन की नौबत आयेगी तो इसके लिए कहा जायेगा, लेकिन लोग चहाते हैं और मेरी भी इच्छा है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सबसे अच्छी भूमि है, सबसे अच्छा पानी हमारे पास है। हम चाहते हैं कि दिल्ली के आसपास के क्षेत्र को मिलाकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश बनाया जाये।

मंत्री डाॅ. संजीव बालियान ने कहा कि छोटे राज्य विकास योजनाओं का लाभ उठाने में फायदेमंद साबित होते हैं। केन्द्र सरकार ने हर राज्य में एक एम्स देने की योजना पर काम किया। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश को एम्स मिला, लेकिन यूपी का एम्स गोरखपुर में खुला और उत्तराखंड का )षिकेश में बना है। यहां के लोग गोरखपुर एम्स नहीं जा सकते हैं। राज्य छोटा होगा तो लाभ भी जनता को ज्यादा मिलेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश आर्थिक रूप से सम्पन्न है और यही कारण है कि सबसे ज्यादा राजस्व इसी क्षेत्र से राज्य को मिलता है। छोटा प्रदेश मिलेगा तो खुशहाली बढ़ेगी, सुविधाएं बढ़ेंगी और अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि इस बारे में बात चली है और इसको प्रधानमंत्री के समक्ष भी रखा जायेगा। मुख्यमंत्री योगी से भी बात करेंगे।

Next Story