स्वयं सहायता समूह की दीदीयों ने किया राष्ट्रपति भवन का भ्रमण
अमृत उद्यान देखकर हुई रोमांचित, राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने किया महिलाओं संग संवाद
मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अन्तर्गत स्वयं सहायता समूह की सदस्यों के रूप में कार्य कर अपने परिवार के लिए आर्थिक स्वावलंबन की मिसाल बनी समूह की दीदियों को विशेष आमंत्रण पर राष्ट्रपति भवन का भ्रमण कराया गया। इस दौरान ग्रामीण अंचलों की इन महिलााओं के साथ राष्ट्रपति ने मुलाकात की तो उनको राष्ट्रपति भवन के अमृत उद्यान में भी घुमाया गया। इस भ्रमण को लेकर महिलाएं काफी रोमांचित नजर आई और राष्ट्रपति के साथ अपने संघर्ष और सफलता की कहानी को भी साझा किया। राष्ट्रपति ने इस मुलाकात के दौरान महिलाओं को सशक्त बनने के लिए प्रेरित भी किया।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शुक्रवार को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े विभिन्न स्वयं सहायता समूह की महिला सदस्यों को राष्ट्रपति भवन का दौरा कराया गया। इस अवसर पर मिशन की आजीविका की दीदियों को भारत सरकार ग्रामीण विकास मन्त्रालय के विशेष आमंत्रण पर राष्ट्रपति भवन में अमृत उद्यान का भ्रमण कराया गया। जिसमें जनपद में कार्यरत विभिन्न स्वयं सहायता समूह की 180 दीदियों ने भाग लिया। अमृत उधान में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने स्वयं सहायता समूह की इन महिला सदस्यों के साथ मुलाकात करते हुए सीधा संवाद भी किया। इस दौरान राष्ट्रपति से मिलकर इन महिलाओं का हौसला और भी ज्यादा बढ़ा और वो भविष्य में बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित भी हुई। अमृत उद्यान के दर्शन और भ्रमण कर इन महिलाओं में पूर्ण उत्साह नजर आया। इससे पहले जनपद से दिल्ली उन्हें विशेष बस से यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इस यात्रा में महिला सुरक्षा अधिकारी, चिकित्सा टीम भी उपस्थिति रही।