अलसुबह दो बकरी चोरों से पुलिस की मुठभेड़, पैर में लगी गोलियां
इनोवा कार में बकरियां चोरी कर भाग रहे थे बदमाश, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

शामली। जनपद शामली में सुबह के समय बकरियां चोरी करके इनोवा गाड़ी द्वारा भाग रहे दो बदमाशों की पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों ओर से चली गोली से दोनों बदमाश घायल हो गए, जबकि एक दरोगा भी हाथ में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
गुरुवार सुबह करीब 5.00 बजे पुलिस को सूचना मिली कि बदमाश इनोवा गाड़ी से बकरिया चोरी करके भाग रहे हैं। पुलिस ने पानीपत बाईपास के पास इनोवा गाड़ी को रोकने का प्रयास किया तो बदमाश गाड़ी से उतरकर जंगल के रास्ते भागने लगे। पुलिस द्वारा घेराबंदी करने पर बदमाश ने पुलिस पर तमंचे से फायर कर दिए। पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाश पैरों में गोली लगने से घायल हो गए। मुठभेड़ के दौरान पंजीठ चैंकी इंचार्ज उप निरीक्षक सुरेश वीर के हाथ में भी गोली लगी। पुलिस ने दोनों बदमाशों को गिरफ्तार करने के साथ ही घायलों को सीएचसी पर भर्ती कराया। कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र सिंह कसाना ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किए गए बदमाशों के नाम कर्मवीर निवासी प्रभात नगर लुधियाना पंजाब और दिलीप होशराम निवासी महाराज नगर थाना भोपा जनपद मुजफ्फरनगर हाल निवासी लुधियाना है। बताया गया कि दोनों बदमाश सात बकरियां चोरी करके इनोवा गाड़ी द्वारा भाग रहे थे। इसी दौरान पुलिस से मुठभेड़ हो गई।
बता दें बीती 12 नवंबर व 6 दिसंबर को थाना कैराना क्षेत्र के गांव काकोर निवासी नूरा और समीम के प्लॉट से करीब सात बकरी व बकरे अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिए गए थे। इसके संबंध में पुलिस पीडीतों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश में जुड़ गई थी। जहा गत रात्रि पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार पुलिस द्वारा घटनाओं का अनावरण हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत कैराना पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी कर दी। पुलिस को खुद से गहरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें एक दरोगा बदमाशों की गोली लगने से घायल हो गया। आत्मरक्षा में फायरिंग की गई। फायरिंग में एक के बाद एक दोनों बदमाशों को हमेशा की तरह गोली मारकर लंगड़ा कर दिया। पुलिस की गोली लगते ही बदमाश जमीन पर गिर गए। इसके बाद पुलिस ने तत्काल सभी घायलों को कैराना सीएचसी में उपचार हेतु भर्ती कराया। पुलिस ने बदमाशों के पास से 07 बकरे व बकरियां, एक तमंचा, चार कारतूस, एक खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त इनोवा गाड़ी के साथ तीन जोड़ी फर्जी नंबर प्लेट बरामद की है। बदमाशों ने बताया है कि वह दोनों करना क्षेत्र के गांव मवी निवासी सोनू के घर पर रुके हुए थे। उनका एक साथी दिन में घूम फिर गांव में जाकर जिन घरों में बकरियां बधी हुई है। उन घर की रैकी करता था। जिसके बाद रैकी में चुने हुए घरों को निशाना बनाते हुए बकरी चोरी की घटना को अंजाम दिया जाता था और चोरी की गई बकरियों को इनोवा कार में भरकर ले जाया जाता था। इसके अलावा कार की नंबर प्लेट भी बार-बार बदली जाती थी।