undefined

सरेंडर नहीं संघर्ष करने को तैयार रहें किसानः राकेश टिकैत

भाकियू संस्थापक स्वर्गीय महेन्द्र सिंह टिकैत की 88वीं जयंती पर भाजपा सरकारों की नीतियों को लेकर आंदोलन का आह्नान, केंन्द्रीय मंत्री संजीव बालियान, रालोद विधायकों के साथ देश भर से आये किसान नेताओं ने बाबा टिकैत को दी पुष्पांजलि

सरेंडर नहीं संघर्ष करने को तैयार रहें किसानः राकेश टिकैत
X

मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय चैधरी महेंद्र सिंह टिकैत की 88वीं जयंती शुक्रवार को सिसौली स्थित किसान भवन समेत देशभर में जिला मुख्यालय और गांवों में अनेक जगहों पर मनाई गई। सिसौली में किसान भवन पर बाबा महेन्द्र सिंह टिकैत के स्मृति स्थल पर पहुचे केंद्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान और रालोद विधायकों समेत देश के दूसरे राज्यों से आये किसान नेताओं तथा अन्य लोगों ने पहुंचकर बाबा महेन्द्र सिंह टिकैत और खेती एवं किसानी बचाने के लिए किये गये उनके आंदोलन को याद करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की। इससे पूर्व यहां चल रहे सामवेद परायण यज्ञ में किसानों ने आहुति दी। इस दौरान गांव गांव टैªक्टर और पशु प्रमुख बनाने के नये अभियान की जानकारी देते हुए किसानों से सरेंडर नहीं संघर्ष करने का आह्नान किया गया। किसान भवन से सरकारों के लिए कर्ज नहीं भाव चाहिए का नया नारा भी दिया, जिसके सहारे आंदोलन की डोर पकड़ने की अपील की गयी।

स्व. महेन्द्र सिंह टिकैत के जन्म दिवस पर किसान भवन सिसौली में बड़ा कार्यक्रम हुआ। यहां पर दो दिन से चल रहे सामवेद परायण यज्ञ का आज सवेरे समापन हुआ। इसमें भाकियू अध्यक्ष चैधरी नरेश टिकैत, राष्ट्रीय प्रवक्ता चै. राकेश टिकैत और युवा विंग के अध्यक्ष गौरव टिकैत के अलावा केन्द्रीय राज्यमंत्री डाॅ. संजीव बालियान, मास्टर विजय सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी शामिल हुए। इसके पश्चात कार्यक्रम का आगाज हुआ। यहां गोल्डन बेल्स अकादमी, ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल और मून लाइट पब्लिक स्कूल के छात्र छात्राओं ने खेती और किसानी विषयों पर सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये।


जयंती समारोह को सम्बोधित करते हुए भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चै. राकेश टिकैत ने कहा कि आज टिकैत जयंती पर कहीं रक्तदान तो कहीं फल वितरण, कहीं पर भण्डारा किया गया। उद्देश्य यही था कि एक जगह भीड़ एकत्र न होकर विचारों को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाया जाये, क्योंकि कोई भी व्यक्ति अपने विचारों से ही हमेशा हमेशा के लिए जीवित रहता है। विचार को कोई नहीं मार सकता है। उन्होंने कहा कि देश की सरकारें गलत नीतियों को लाकर किसानों और मजदूरों के साथ छेड़खानी कर रही है। उनकी नीतियों को समझने की जरूरत है। अभी हाल ही में भारत सरकार ने घर घर कर्ज देने का ऐलान किया है। सभी लोग खुश हो रहे है। महेन्द्र सिंह टिकैत इस तरह के कर्ज के शुरू से ही विरोध किया। इसके लिए आंदोलन हुआ। 1988 में हमने भी बैंक से कर्ज लेकर एक ट्रैक्टर लेने का प्रयास किया और कर्ज लेने के लिए कागजों पर उनका अंगूठा लगवाने पहुंचे तो उन्होंने इंकार कर दिया। आज सरकार घर-घर क्रेडिट कार्ड देने की तैयारी कर रही है। बड़ी कंपनियों से मिलीभगत कर यह कर्जा देने की तैयारी है। केसीसी वाले किसानों से वसूली की टीम छोड़ी जायेगी। कर्ज से निजात नहीं मिल पायेगी। इसी कर्ज में किसान की जमीन ले ली जायेगी। बाजार भाव से भी ज्यादा मूल्य पर जमीन बैंक वाले ले लेंगे। पैसा जमा होने के बदले जमीन जमा की जायेगी। किसान तीन कृषि कानूनों के सहारे कब्जे में नहीं आये, तो इनको ऐसे कर्ज में फंसायेंगे। इन कानूनों के सहारे प्लान था कि 30 साल में किसानों की जमीन ले ली जायेगी। आंदोलन हुआ तो सरकार 30 साल पीछे चली गयी है। आज आंदोलन की आवश्यकता है। किसानों को आवाज उठानी चाहिए कि कर्जा नहीं फसल का दाम चाहिए।


उन्होंने कहा कि आज शामली जनपद में सभी शुगर मिलों ने गन्ना मूल्य का भुगतान रोक लिया। धरना चल रहा है। मजबूती के लिए एकजुटता जरूरी है। जमीन और खेती बचाने के लिए आंदोलन करने होंगे। यहां से हजारों ट्रक भरकर धान हरियाणा और पंजाब जा रहे हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश से एमएसपी पर धान खरीदकर दूसरे राज्यों में ले जा रहा है। महेन्द्र सिंह टिकैत के जाने से आंदोलन खत्म नहीं हुए और हमारे जाने से भी नहीं होंगे, लेकिन इसके लिए तैयारी अभी से करनी होगी। पूंजीवादियों का प्लान है कि 100वीं आजादी की वर्षगांठ में 70 प्रतिशत जमीन किसानों से ले ली जाये। आंदोलन ने ही उनको पीछे हटाया है। ये कंपनियां राजा-रजवाडों और जागीरदार से भी ज्यादा खतरनाक हैं, सावधान रहने की आवश्यकता है। आने वाली स्थिति ज्यादा खराब होगी। चार साल बाद अग्निवीर भर्ती वाले युवाओं को ये कंपनियां आपके सामने ही खड़ा कर देगी। भविष्य में संघर्ष कड़ा होगा, ऐसे में सोच लो सरेंडर नहीं संघर्ष नहीं करना होगा। इस संघर्ष में हमारा प्रमुख साधन ट्रैक्टर होगा। ये लोग कलम के कातिल हैं। हमें बंदूक से नहीं कलम के कातिलों से डरना है। किसानों को अपना कर्ज उतारना होगा। कर्ज में बंधा तो आंदोलन से हटता जा रहा है किसान। फसलों पर ही हमें कर्जा करना और आंदोलन में समय देना है। दिल्ली के लोग आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जमीन बेचकर फार्म हाउस बना रहे हैं। जमीन बेचकर मार्बल लग गये दिल्ली वालों ने, पैसा तो उनके पास आ गया, लेकिन खेती खत्म होने से इनका टाइम नहीं कट रहा।

उन्होंने कहा कि किसानों को जमीनों में खाद के प्रति भी जागरुक होना होगा, दवाईयों को धीरे धीरे कम करना होगा। बीज कंपनी और दवा कंपनियों की साठगांठ हो गई है। इसको भी समझना होगा। रसायनिक खाद का साथ छोड़ना होगा। हर जगह समस्या है, लड़ाई लड़नी होगी। मीडिया पर भी सरकारों का अंकुश है। अगर फिर से इनकी सरकार आई तो अक्टूबर 2025 में मीडिया का अस्तित्व खत्म हो जायेगा। एक नेशनल मीडिया हब बनेगा और वहीं से सभी को खबर मिलेगी। मीडिया सिस्टम पर भी बड़ा संकट होगा। उन्होंने मंदिरों की सम्पत्तियों की सुरक्षा का आह्नान करते हुए कहा कि अपने गांवों में मंदिरों का ट्रस्ट बनवा लेना, मंदिरों की जमीन पर भी कब्जे करने की साजिश हो रही है। जो लोग मंदिरों के नाम पर समाज को बहका रहे हैं, उन्हीं लोगों से बड़ा खतरा है। इसके लिए संवेदनशील होकर सोचने की आवश्यकता है।

महेन्द्र सिंह टिकैत को जन्म जयंती पर उत्तर प्रदेश के साथ ही हरियाणा, मध्य प्रदेश, पंजाब और दिल्ली सहित देश के दूसरे हिस्सों से भी किसान नेता, खाप और थाम्बा चैधरियों के साथ भारी संख्या में किसान मौजूद रहे। यहां पर मुख्य रूप से केन्द्रीय राज्यमंत्री डाॅ. संजीव बालियान, एमएलसी वन्दना वर्मा, रालोद युवा अध्यक्ष विधायक चंदन सिंह चैहान, रालोद विधायक पुरकाजी अनिल कुमार, विधायक खतौली मदन भैया, इकरा मुनव्वर हसन, पूर्व मंत्री धर्मवीर बालियान, एसकेएम नेता जगतार सिंह बाजवा, सुखपाल सिंह ढिल्लो, भाकियू राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मैनपाल सिंह, चै. दरियाव सिंह, बत्तीसा खाप से चै. शौकेन्द्र सिंह, श्याम सिंह मलिक गठवाला, कालूराम सिंह राठी थाम्बा, कविता चैधरी, ओमप्रकाश सिंह, सौरव यादव, जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा, विकास शर्मा, नवीन राठी, शाहिद आलम, गुलबहार राव, देवेन्द्र सिंह आदि मौजूद रहे।

मुंडभर में होगी पंचायत, सिसौली आयेेगे आदिवासी और कश्मीरी किसान

मुजफ्फरनगर। भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत ने बताया कि संगठन की 17 अक्टूबर की पंचायत गांव मुंडभर में होगी। 60 साल तक जो भी काम करने हैं, कर लो, इसके बाद जीवन समाज को दे दो। संगठन की टोपी के साथ ही सामाजिक सफेद टोपी की परम्परा को मजबूती से पकड़ना होगा। टोपी और पगड़ी की सामाजिक परम्परा को संभालना होगा। इस पंचायत में जनपद शामली के किसानों के बकाया भुगतान को लेकर आंदोलन पर चर्चा की जायेगी। 10 अक्टूबर के शामली में प्रदर्शन को स्थगित किया जा सकता है। संग्राहलय भी बनाया जायेगा। इसमें महेन्द्र सिंह टिकैत की स्मृति से जुड़ी चीजों को रखा जायेगा। यह बहुमंजिला होगा। भण्डारे के लिए भी भवन का निर्माण किया जायेगा। यहां पर आदिवासी क्षेत्र के लोग भी आने जा रहे हैं, उनका भी यहां पर भाकियू की मासिक पंचायत में बुलाया जायेगा। छत्तीसगढ़ में जाकर आदिवासियों का जीवन नजदीकी से देखा है। नक्सलवाद का प्रभाव है। उन पर अत्याचार चरम पर हो रहा है। जंगल छोड़कर इनको बाहर आना होगा। 50 लोगों के प्रतिनिधिमंडल को हमने आमंत्रित किया है। कश्मीर के श्रीनगर के किसानों को भी यहां पर बुलाया जायेगा। उनका भी सांस्कृतिक कार्यक्रम रखा जायेगा।

गांवों में बनेंगे पशु प्रमुख, जयहिंद संविधान नया नारा

किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि भाजपा के पन्ना प्रमुख की तरह ही हमने ट्रैक्टर प्रमुख बना दिये हैं। एक ट्रैक्टर प्रमुख 25 लोगों को जोड़ेगा, इसके साथ ही पशुपालकों और किसानों की ताकत को एक करने के लिए पशु प्रमुख भी बनाए जायंेगा। उनको नियुक्ति पत्र देकर काम करने के लिए नसीहत दी गयी। हमारा खेत हमारा देश का नारा लेकर काम करने पर जोर दिया गया है। जयहिंद संविधान का नया नारा दिया गया। नो फार्मर नो फूड को लेकर संवेदनशील अभियान चलाया जायेगा। टैªक्टर प्रमुखों की फौज के कमांडर चै. राकेश टिकैत होंगे। इन प्रमुखों का सम्पर्क सीधा केन्द्रीय कार्यालय मुजफ्फरनगर से होगा। गांव गांव ट्रैक्टर प्रमुख बनाने का काम किया जायेगा।

Next Story