बागपत में पूर्व फौजी की गोलियों से भूनकर हत्या
हाईवे किनारे बनाए जा रहे नाले की मिट्टी डालने के विवाद में एक पूर्व सैनिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पूर्व सैनिक ने पांच दिन पहले तहसील दिवस में इस विवाद की शिकायत की थी

बागपत। बागपत में बड़ौत के गांव बड़ौली में हाईवे किनारे बनाए जा रहे नाले की मिट्टी डालने के विवाद में एक पूर्व सैनिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पूर्व सैनिक ने पांच दिन पहले तहसील दिवस में इस विवाद की शिकायत की थी और दो-तीन दिन पहले भी दोनों पक्षों का विवाद थाने तक पहुंचा था। लेकिन पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने विवाद को गंभीरता से नहीं लिया।
रविवार रात फिर से दोनों पक्षों में विवाद हो गया और पूर्व सैनिक की जान चली गई।मृतक पूर्व सैनिक अनुज उर्फ मोनू पुत्र महक सिंह (28 वर्ष) बड़ौली गांव का रहने वाला था। गांव में हाईवे किनारे बन रहे नाले के निर्माण के बाद बची जगह पर मिट्टी डालने को लेकर दो पक्षों में एक सप्ताह से विवाद चला रहा है। रविवार रात करीब 11ः45 बजे नाले के किनारे पर मिट्टी डाली जा रही थी। इसी बीच दोनों पक्षों में विवाद गहरा गया। एक पक्ष के राजकुमार ने दूसरे पक्ष पर पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें अनुज को गोली लग गई। गंभीर हालत में चिकित्सक उसे बड़ौत के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।
नाला निर्माण के जिस विवाद को लेकर अनुज की हत्या की गई। इसी विवाद को लेकर पिछले एक सप्ताह से दोनों पक्षों में तनावपूर्ण स्थिती बनी हुई थी। अनुज ने पांच दिन पहले तहसील दिवस में इसकी शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। दो-तीन दिन पहले भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था और मामला थाने तक पहुंचा था। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। अनुज के परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि यदि अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया होता तो अनुज की जान बच सकती थी।
अनुज की हत्या के बाद परिवार में कोहराम मचा है। महिलाओं का रोते हुए बुरा हाल है। घटना के वक्त अनुज की पत्नी निधि भी घटना स्थल पर मौजूद थी। गांव में बनी तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। परिवार की महिलाओं में कोहराम मच गया। महिलाओं का रोते हुए बुरा हाल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि गांव में हाईवे किनारे नाले का निर्माण किया जा रहा है। हत्यारोपी राजकुमार ने अपने घर के बाहर मिट्टी डाल दी है, नाले के आगे भी मिट्टी डाल दी। इसका अनुज का परिवार विरोध कर रहा है और उनकी जल निकासी बाधित हो रही है।सूचना के बाद सीओ आलोक सिंह, एडसीएम दुर्गेश कुमार मिश्र, कोतवाल अजय शर्मा भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जानकारी ली।
सीओ आलोक कुमार ने बताया कि नाले के विवाद को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हुआ घटना के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा गया है। घटना की जांच कर दी गई है आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही रही है। अनुज की हत्या के बाद परिवार के लोगों के साथ ग्रामीण भी कोतवाली पहुंचे और हत्यारोपियों की की गिरफ्तारी की मांग की। बड़ी संख्या में ग्रामीण देर रात तक थाने पर ही डटे हुए थे।