MUZAFFARNAGAR---जानसठ रोड पर राहजनी, बदमाशों ने कई से की लूटपाट
पशु चारा की गठरियों को रखकर किया सड़क पर कब्जा, गांव कम्हेडा के लोगों को बनाया शिकार

मुजफ्फरनगर। सर्दियों के मौसम में घना कोहरा पड़ने के बीच बदमाशों के द्वारा राहजनी की घटना को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती पेश की गई है। पशुओं के चारे की गठरियों को सड़क पर रखकर मार्ग बाधित किया गया और फिर आने जाने वाले कई लोगों के साथ बदमाशों ने हथियारों के बल पर लूटपाट की। लूट की वारदात की सूचना पर पुलिस में हड़कम्प मच गया। कई थानों की पुलिस ने घटना स्थल पर जाकर बदमाशों की तलाश में काम्बिंग की, लेकिन उनका पता नहीं चल पाया।
सूत्रों के अनुसार जानसठ मार्ग पर बीती देर रात बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम देकर हड़कंप मचा दिया। बताया गया कि बदमाशों ने हथियारों के बल पर गांव कम्हेडा निवासी व्यक्तियों से लूटपाट की है। सूत्रों के अनुसार गांव ढांसरी निवासी शाकिर ने पुलिस को इस लूटपाट के सम्बंध में जानकारी दी है। उसने पुलिस को बताया कि वह शनिवार की रात लगभग 9.30 बजे जानसठ जा रहा था कि रास्ते मे सूखी चरी की गठरियाँ डालकर अज्ञात बदमाशों ने बंदूक के बल पर कम्हेड़ा निवासी व्यक्तियों के साथ लूट की घटना की अंजाम दिया। सूचना के बाद लूटपाट की घटना को लेकर क्षेत्र में सनसनी और दहशत का आलम बन गया। खबर मिलने पर बदमाशों की तलाश के लिए ककरौली व जानसठ पुलिस ने मौके पर जाकर घटना की जानकारी की और बदमाशों के लिए काम्बिंग भी की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि लूटपाट की घटना को लेकर सूचना के आधार पर छानबीन की जा रही है। अभी कुछ पता नहीं चल पाया है।