undefined

LOKSABHA ELECTION-पीएम मोदी पांडव, विपक्ष कौरव और जनता कृष्णः कपिल देव

यूपी सरकार के राज्यमंत्री ने इंडिया गठबंधन का बताया जनता के खिलाफ ठगबंधन, कहा-पीएम मोदी और हिन्दू संस्कृति को गाली दे रहे विपक्षी नेता, कपिल देव बोले-केजरीवाल की गिरफ्तारी लंबी जांच के बाद हुई, अपने भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए लगा रहे आरोप

LOKSABHA ELECTION-पीएम मोदी पांडव, विपक्ष कौरव और जनता कृष्णः कपिल देव
X

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव ने लोकसभा चुनाव की सियासी जंग को सत्य की खातिर भाजपा और विपक्ष के बीच महाभारत करार देते हुए कहा कि इस महाभारत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा पांडव की भूमिका में हैं, तो उन्होंने विपक्षी गठबंधन को कौरवों का दल बताते हुए कहा कि पांडव और कौरव के बीच देश की जनता भगवान श्री कृष्ण की भूमिका निभा रही है और महाभारत में श्री कृष्ण ने सत्य का साथ दिया तथा सत्य की जीत हुई थी, ऐसे ही 2024 की इस सियासी जंग में देश में फिर से नरेन्द्र मोदी एक बड़े जनादेश के साथ तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल और सम्पूर्ण विपक्ष के लोग अपने भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए आज पीएम मोदी और हिन्दू संस्कृति के खिलाफ अनर्गल प्रचार करते हुए गाली-गलौच की भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। कांग्रेस ने आकाश से पाताल तक भ्रष्टाचार किया तो जनता ने उसको सबक सिखाया है। केजरीवाल ने शराब घोटाले में धोखा दिया, लंबी जांच के बाद साक्ष्य मिलने पर ही उनको ईडी ने जेल तक पहुंचाने का काम किया है।


शहर के गांधीनगर स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर मंगलवार को पत्रकार वार्ता के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के व्यवसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में दस साल के कार्यकाल में पूरा भारत उन्नति के शिखर पर पहुंचा है। यूपी में सीएम योगी की सरकार पीएम मोदी की गरीब कल्याण की नीतियों को लेकर शानदार काम कर रही है। हमारे इस क्षेत्र में पहले चरण में 19 अपै्रल को चुनाव होने जा रहा है। ऐसे में भाजपा को मिल रहे जनसमर्थन से विपक्ष बौखला रहा है। दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी इंडिया गठबंधन के नेताओं ने रैली कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर अनर्गल आरोप लगाये हैं।

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी अचानक नहीं की गई, बल्कि सरकारी जांच एजेंसी ईडी ने एक लंबी जांच प्रक्रिया को पूरी करते हुए शराब घोटाले में उनके खिलाफ मजबूत साक्ष्य जुटाये, तब कहीं जाकर उनको जेल तक पहुंचाया गया है। पीएम मोदी की नीति है कि देश में भ्रष्टाचार पर किसी के साथ समझौता नहीं होगा। उनकी इसी गारंटी पर जनता को विश्वास है। देश में आजादी से आज तक आकाश से पाताल तक कांग्रेस ने गंभीर भ्रष्टाचार किया। उनके शीर्ष नेता पर पांच हजार करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगा। केजरीवाल भ्रष्टाचार में शामिल हैं। कांग्रेस के राहुल और सोनिया गांधी ऐसे ही मामलों में जमानत पर बाहर हैं। अपने ऐसे ही भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए विपक्ष लोकतंत्र और संविधान बचाने की बातें कर देश की जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। इसके लिए ये लोग सीधे पीएम मोदी पर साजिश के तहत जुबानी हमला कर रहे हैं। ऐसा करते हुए ये लोग भ्रष्टाचारियों को बचाने का काम कर रहे हैं, जो देश के हित में नहीं है।

मंत्री कपिल देव कहा कि विपक्ष जितना भी दोषारोपण करता है, देश में मोदी जी की उतनी ही बड़ी जीत होती है। इस बार भी विपक्ष के नेताओं ने जनता को ठगने के लिए ये ठगबंधन किया है। वो केवल सत्ता पाने की लालसा रखते हैं, जबकि भाजपा ने देश के हित के लिए काम किया है। विपक्ष ने देश को लूटा है और आज वो पीएम मोदी पर बिना आधार के आरोप लगा रहा है। विपक्ष में सारे चोर इकट्ठा हैं। ये जनता जानती है, इसलिए 2024 में भी पीएम मोदी की बड़ी जीत होने जा रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेताओं का काम मोदी और हिंदू धर्म को गाली देना भर रह गया है। रामचरित मानस के अपमान पर अखिलेश यादव खामोश रहते हैं। केजरीवाल सरकारी एजेंसी और कोर्ट को गुमराह करते रहे।

एक समय ये था कि यहां की जनता ने मुफ्ति सईद को चुना, वो गृह मंत्री बने और अपनी बेटी को बचाने के लिए आतंकियों को छोड़ा गया। आज देश के गृहमंत्री अमित शाह ने आतंकियों का अंत किया। कश्मीर से 370 हटवाकर दो निशान, दो विधान की व्यवस्था को खत्म कराया। आज वहां पत्थरबाजी नहीं होती, पीओके भी भारत वापस लेगा, वहां का हर हिंदू भारत का है। उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी पीएम मोदी ने ली है। देश के 140 करोड़ लोग मोदी का परिवार है। मंत्री कपिल देव ने कहा कि शाहपुर में अमित शाह की रैली में भारी संख्या में पहुंचने का जनता से आह्नान करते हुए कहा कि ये देश मोदी जी के साथ खड़ा है। प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष डाॅ. सुधीर सैनी, सह मीडिया प्रभारी पवन अरोरा, पूर्व सभासद संजय गर्ग, शरद शर्मा, सुधीर खटीक, रोहताश पाल, रोहिल वाल्मीकि भी मौजूद रहे।

Next Story