undefined

भारत बंद को रालोद का समर्थन, भाकियू ने की ये अपील

27 सितम्बर को संयुक्त किसान मोर्चा के आह्नान पर केन्द्र सरकार के खिलाफ तीन कृषि कानूनों को लेकर प्रस्तावित भारत बंद को जयंत चौधरी ने समर्थन दिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस आंदोलन में शांतिपूर्ण ढंग से शामिल होने की अपील की है।

भारत बंद को रालोद का समर्थन, भाकियू ने की ये अपील
X

मुजफ्फरनगर। आज किसान पंचायत को लेकर जिले में पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा, दिनभर की भागदौड़ के बाद अब अफसरों ने सोमवार के भारत बंद को लेकर सतर्कता शुरू कर दी है। इसके साथ ही भारतीय किसान यूनियन सहित अन्य किसान संगठनों ने भी 27 सितम्बर के भारत बंद को सफल बनाने के लिए अंतिम तैयार आज कर ली। भाकियू की ओर से सभी को साथ आकर किसानों का समर्थन करने की अपील की है। भाकियू द्वारा भारत बंद के दौरान जनपद में 10 स्थानों पर चक्का जाम करने की घोषणा की गयी है, वहीं भाकियू अंबावता ने स्टेट हाईवे पर रोहाना टोल प्लाजा पर कब्जा कर चक्का जाम करने का ऐलान किया है। इसके अलावा अन्य किसान संगठन भी सोमवार को सड़कों पर उतरकर केन्द्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसको देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सतर्क है और जोनल व्यवस्था को कायम करते हुए पुलिस फोर्स व अफसरों की ड्यूटी लगाई गयी है।

संयुक्त किसान मोर्चा ने तीन कृषि कानूनों को वापस करने और एमएसपी कानून लाने की मांगों का लेकर चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में केन्द्र सरकार के खिलाफ 27 सितम्बर को भारत बंद का आह्नान किया है। इसको सफल बनाने के लिए किसान संगठनों ने अपनी तैयारी कर ली है। जनपद में भाकियू द्वारा 10 स्थानों पर मुख्य रूप से सड़कों पर उतरकर चक्काजाम करने की तैयारी है। इसके लिए भाकियू नेता धीरज लाटियान, राजू अहलावत सहित सभी तहसील और ब्लॉक प्रमुख पूर्व पदाधिकारी अपनी अंतिम तैयारियों में जुट चुके हैं। किसानों के हित में भाकियू ने सभी से इस आंदोलन में साथ खड़े होने की अपील की है भाकियू के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी धर्मेन्द्र मलिक ने आज ट्वीट करत हुए 27 सितम्बर के भारत बंद के लिए देश के गैर किसान संगठनों से समर्थन मांगा है। उन्होंने कहा कि देश के सभी सामाजिक संगठनों, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन, कर्मचारियों, राजनैतिक दलों से अपील है कि संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर सोमवार को हो रहे भारत बंद आंदोलन में अपना सकारात्मक सहयोग करते हुए इस लड़ाई में किसान का समर्थन करें। वहीं धीरज लाटियान ने कहा कि भारत बंद को सफल बनाने की तैयारी कर ली गयी है। जनपद में सवेरे 11 बजे से 3 बजे तक चक्का जाम किया जायेगा।

दूसरी ओर भारतीय किसान यूनियन अंबावता के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी रिशिपाल अंबावता के निर्देश पर कार्यकर्ताओं ने इस भारत बंद के दौरान चक्का जाम की रणनीति बनाई है। जिलाध्यक्ष मोहम्मद शाह आलम ने बताया कि किसान संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर 27 सितंबर को भारत बंद को लेकर सहारनपुर हाईवे रोहाना टोल प्लाजा पर भाकियू अंबावता के कार्यकर्ता किसानों के साथ चक्का जाम करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता सोमवार को सुबह 9 बजे तक रोहाना टोल प्लाजा पर पहुंचे। उन्होंने सभी व्यापारी और दुकानदारों से अपील करते हुए कहा कि वह किसानों के समर्थन में सोमवार को अपनी दुकाने और व्यापार बंद रखें। टोल पर एम्बुलेंस, बीमारों के वाहन, स्कूल वाहन, बारात आदि को नहीं रोका जायेगा।


वहीं रालोद ने भी आज संयुक्त किसान मोर्चा के भारत बंद आंदोलन को समर्थन व्यक्त किया है। इसके लिए रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि 27 सितम्बर को प्रस्तावित भारत बंद का रालोद पूरी तरह से समर्थन करता है। इस दिन रालोद कार्यकर्ता किसानों के साथ मिलकर शांतिपूर्ण तरीके से केन्द्र सरकार के काले कृषि कानूनों का प्रतिरोध करेंगे। उन्होंने सभी से भारत बंद को सफल बनाने की अपील करते हुए कहा कि इसका समर्थन करते हुए देश के अन्नदाता का सम्मान करें।

Next Story