स्वतंत्र देव सिंह ने की भाजपाईयों संग चुनाव पर चर्चा
प्रदेशाध्यक्ष ने जिलाध्यक्ष व अन्य पदाधिकारियों के साथ की वर्चुअल मीटिंग, पंचायत चुनाव के लिए किया मार्गदर्शन

मुजफ्फरनगर। जनपद में चल रहे पंचायत चुनाव में इस बार बेहद सक्रिय भूमिका में नजर आ रही सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी लगातार चुनाव की तैयारियों की समीक्षा कर रही है। बीते दिन जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सांसदों और विधायकों के साथ वीसी के दौरान पंचायत चुनाव को लेकर दिशा निर्देश दिये तो आज प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने वर्चुअल मीटिंग करते हुए पंचायत चुनाव पर संगठन के पदाधिकारियों संग चर्चा की।
बुधवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह द्वारा जनपद में पंचायत चुनाव को लेकर पार्टी समर्थित प्रत्याशियों को जिताने के लिए संगठन के पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया गया। प्रदेशा अध्यक्ष के साथ इस वर्चुअल मीटिंग में जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला और जिला प्रभारी प्रदेश मंत्री डा. चन्द्रमोहन, मीडिया प्रभारी अचिंत मित्तल के साथ ही मण्डल अध्यक्ष, मण्डल प्रभारी, संयोजक, सह संयोजक और वार्ड प्रभारियों ने प्रतिभाग किया।
जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला ने बताया कि मीटिंग के दौरान प्रदेशाध्यक्ष द्वारा पंचायत चुनाव के लिए पार्टी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने हेतु मार्गदर्शन दिया गया है। पार्टी पंचायत चुनाव में सक्रिय भूमिका में चुनाव मैदान में है। पार्टी के ज्यादा से ज्यादा प्रत्याशियों को जिताने के लिए पूरा संगठन दिन रात जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि इन चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकारों के कामकाज को जनता पसंद कर रही है और पार्टी समर्थित ज्यादा प्रत्याशी हम जिताने में सफल हो पायेंगे।