गणपति धाम से धूमधाम से निकली भगवान श्री गणपति की विसर्जन यात्रा
सैंकड़ों भक्तों के साथ खतौली गंगा घाट पर हुआ भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन, भक्तों के लिए किया भण्डारा।

मुजफ्फरनगर। प्रत्येक वर्ष की तरह इस साल भी श्री गणपति धाम मंदिर भरतिया कालोनी के तत्वावधान में गणपति जन्म उत्सव धूमधाम से मनाया गया। 19 सितम्बर को भगवान श्री गणपति की शोभायात्रा से प्रारम्भ हुआ गणेश चतुर्थी महोत्सव गुरूवार को भगवान श्री गणपति की विसर्जन यात्रा के साथ सम्पन्न हुआ। भगवान श्री गणपति की नयनाभिराम श्रंगार वाली प्रतिमा को गंगा घाट पर पतित पावनी जलधारा में पूजा अर्चना के उपरांत विसर्जित किया गया।
श्री गणपति धाम खाटू श्याम मंदिर भरतिया कालोनी में 19 सितम्बर से 28 सितम्बर तक इस साल भगवान गणपति जन्मोत्सव मनाया गया। 19 सितम्बर को विशाल शोभायात्रा के साथ इस महोत्सव का शुभारंभ हुआ और प्रत्येक दिन सुबह व शाम को भगवान गणपति की महाआरती तथा धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हजारों भक्त मंदिर परिसर में भगवान श्री गणपति का गुणगान किया। देर रात तक यहां पर भजनों का दौर चलता रहा। 20 सितम्बर को मंदिर परिसर में बधाई उत्सव मनाया गया और इसके साथ ही 27 सितम्बर तक दैनिक पूजा अर्चना प्रातः 7 बजे व सायं 7 बजे विद्वान आचार्यो द्वारा कराई गई। प्रतिदिन सायं 7 बजे से 10 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम व भजन संध्या का भव्य आयोजन हुआ।
गुरूवार को भगवान श्री गणपति जी के विसर्जन के लिए गणपति धाम मंदिर परिसर से सैंकड़ों भक्तजनों के साथ यात्रा निकाली गई। गणपति बप्पा मोरिया, मंगल मूर्ति मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ की भावना के साथ पतित पावनी मां गंगा के तट खतौली में गणपति की प्रतिमा को विसर्जित किया गया। इसके बाद यहां पर मंदिर कमेटी की ओर से भक्तों के लिए भण्डारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैंकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही इस साल गणपति जन्मोत्सव कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इस दौरान मुख्य रूप से श्री गणपति खाटू श्याम मंदिर परिवार कमेटी के प्रधान अशोक गर्ग, अनिल गोयल, चाचा जेपी गोयल, कैलाश चन्द्र ज्ञानी, सोमप्रकाश कुच्छल, अम्बरीश सिंघल, बिजेन्द्र कुमार रानो, विकास अग्रवाल, रजत राठी, नीरज गोयल, शशांक राणा, अमित गोयल, अमित गुप्ता, अग्रिम सिंघल, रजत गोयल, नवीन अग्रवाल, प्रतीक कन्सल, शुभम तायल, अंकित अग्रवाल, कुलदीप शर्मा सहित अन्य सदस्य गणपतिधाम परिवार शामिल रहे।