सीटीबाज अफ्रीकन तोते के लिए यूपी पुलिस ने रखा इनाम 10 हजार
समाजवादी पाटी की सरकार में काबीना मंत्री रहे आजम खां की भैंसों को तलाशने मेें यूपी पुलिस को पसीना बहाना पड़ा था। अब यूपी पुलिस एक तोते की तलाश में हलकान है। इस तोते पर इनाम भी रखा गया है, लेकिन इसके बाद भी पुलिस इस सीटीबाज तोते का सुराग भी लगा पाने में सफल नहीं हो पाई है।

अलीगढ़। समाजवादी पाटी की सरकार में काबीना मंत्री रहे आजम खां की भैंसों को तलाशने मेें यूपी पुलिस को पसीना बहाना पड़ा था। विपक्ष की भूमिका निभा रही भाजपा ने भैंस चोरी के इस मामले को बड़ा तूल देकर राजनीतिक गरमाहट पैदा कर दी थी। सरकार को भी मुश्किल में डाल दिया गया था, आजम खां की भैंस पर राजनीति करने वाली भाजपा की सरकार में अब यूपी पुलिस एक तोते की तलाश में हलकान है। इस तोते पर इनाम भी रखा गया है, लेकिन इसके बाद भी योगी राज में शातिर अपराधियों तक पलक झपकते ही पहुंचने में माहिर हो चुकी यूपी पुलिस इस सीटीबाज तोते का सुराग भी लगा पाने में सफल नहीं हो पाई है।
आम तौर पर अपराधियों द्वारा पुलिस के पसीने छुड़ाने की खबरें कई बार हम सुनते रहते हैं, लेकिन कभी ऐसा नहीं सुना है कि किसी सीटीबाज तोते ने ही पुलिस के की नींद उडाकर रख दी हों। अपराधियों के सिर पर इनाम रखकर उनको दर-दर भागने के लिए विवश करने वाली यूपी पुलिस अब एक अफ्रीकन तोते पर इनाम घोषित कर उसके लिए कभी डाल-डाल तो कभी पात-पात दौड़ती नजर आ रही है। ऐसा ही एक मामला यूपी के अलीगढ़ से आया है। यहां एक अफ्रीकन तोते ने पुलिस की नींद हराम कर दी है। पुलिस दिन रात उस तोते की तलाश कर रही है लेकिन अब तक तोते का पता नहीं चल पाया है। तोते को ढूंढने के लिए उस पर इनाम भी रखा गया है। अफ्रीकन तोते को ढूंढकर देने वाले को 10 हजार का इनाम दिया जाएगा। इससे पहले यह इनाम पांच हजार रुपये था। पुलिस को अभी तक अफ्रीकन तोते का पता नहीं चल पाया है। तोते को ढूंढने के लिए पुलिस ने एक टीम का भी गठन किया है।
सरोज सदन साईं वाटिका रमेश विहार क्वार्सी निवासी सरोज सिंह ने थाना क्वार्सी पुलिस को दी तहरीर में बताया कि एक अफ्रीकन तोता उनकी बहू ने दो साल पहले ऑनलाइन खरीदा था। अफ्रीकन नस्ल का यह तोता भूरे रंग का है और इसकी पूंछ लाल है। यह आदमी की आवाज में बोलता है, घरवालों के नाम लेता है और सीटी भी बजाता है। दो मार्च को सुबह आठ बजे से यह तोता घर से कहीं चला गया है। उसके बाद से उसका कोई पता नहीं है। उसे रमेश विहार, मानसरोवर व ज्ञान सरोवर कॉलोनी में देखा गया है।
सरोज सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि उनकी बहू पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं, वह लंदन में नौकरी कर रही है। नौकरी के सिलसिले में लंदन जाते समय वह यह तोता उन्हें दे गई थीं। उन्होंने पुलिस से गुहार लगायी कि तोता तलाशकर उन्हें दे दिया जाए। पुलिस ने खोया पाया में मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी, लेकिन अभी तोता नहीं मिल सका है। क्वार्सी थाने के इंस्पेक्टर छोटेलाल ने बताया कि शहर के एक डॉक्टर की ओर से प्राप्त तहरीर के आधार पर तोता खोने का मामला खोया पाया में दर्ज कर लिया गया था। उसको ढूंढा जा रहा है। मिलता हैं तो पीड़ित को जानकारी दे दी जाएगी।