undefined

LOKSABHA ELECTION-पश्चिम की हवा भाजपा का सफाया करेगीः अखिलेश यादव

बघरा की स्वाभिमान रैली में सपा अध्यक्ष बोले-हम जीते तो किसानों का कर्ज माफ, गरीबों को आटा और डाटा फ्री, पूर्व सीएम ने चरण सिंह और महेन्द्र टिकैत को किया याद, कहा-किसानों के नाम पर भारत रत्न दिया, लेकिन एमएसपी गारंटी नहीं

LOKSABHA ELECTION-पश्चिम की हवा भाजपा का सफाया करेगीः अखिलेश यादव
X

मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार ने किसानों, नौजवानों और व्यापारियों के साथ ही हर वर्ग के लोगों के खिलाफ गलत नीतियां लाकर केवल पंूजीवादी व्यवस्था के तहत उद्योगपतियों के लिए काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उद्योगपतियों की इस सरकार में आम जनता का भला नहीं हुआ है। जनता परेशान है और इस बार जनता ने इस सरकार की गलत नीतियों से दुखी होकर ही माहौल को बदलकर रख दिया है। इस बार पश्चिम से ही भाजपा का सूपड़ा साफ होने जा रहा है।

बघरा के कल्याणकारी इंटर काॅलेज के मैदान पर सोमवार को सपा प्रत्याशी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव पूर्व सांसद हरेन्द्र मलिक के समर्थन में स्वाभिमान रैली में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का रैली स्थल पर लोगों की भीड़ ने नारे लगाकर जोशीला स्वागत किया। पूर्व सीएम दोपहर को रैली स्थल पहुंचे और मंच पर पहुंचकर जनता का अभिवादन किया। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि पहले चरण के चुनाव से ही हवा बदल रही है। इस बार माहौल दूसरा है। पश्चिम से चल रही यह हवा इशारा कर रही है कि पहले ही चरण में भाजपा का सूपड़ा साफ कर देगी। उन्होंने कहा कि हम किसानों का कर्ज माफ करेंगे, जनता को आटा और डाटा मुफ्त दिया जायेगा।


अखिलेश यादव ने अपने सम्बोधन में कहा कि यह विशेष चुनाव है और इस बार माहौल अलग हैं। हर वर्ग के लोग भाजपा के खिलाफ खड़े हो गए हैं। 22 के चुनाव में आपने ऐतिहासिक वोट दिए थे, वजह है कि विरोधी बोखला गए हैं। भाजपा के पोस्टर से प्रत्याशी का नाम गायब है। यूपी से भाजपा साफ हो जाएगी। आज जो 24 घंटे बिजली मिल रही है, यह सपा सरकार की पहल थी। सड़क पर एंबुलेंस सपा सरकार ने दी। 100 नंबर की व्यवस्था सपा सरकार ने ही की थी। बीजेपी ने गाड़ी नहीं बढ़ाईं 100 का 112 कर दिया। अब बीजेपी सरकार में पुलिस ने वसूली बढ़ा दी। अभी तक भी समाजवादी सरकार का लैपटाॅप चल रहा है। हमने बड़ा लैपटाॅप दिया था, इन्होंने छोटा सा दिया, वह भी नहीं चलता। भाजपा सरकार आपको खराब राशन दे रही है। विपक्ष की सरकार बनने पर हम गरीबों को आटा और डाटा दोनों देंगे।

उन्होंने पूर्व पीएम चौ. चरण ंिसह और भाकियू संस्थापक स्वर्गीय महेन्द्र सिंह टिकैत जैसे किसान नेताओं को भी याद किया। अखिलेश ने कहा कि इस जमीन पर ही महेंद्र सिंह टिकैत और चौधरी चरण सिंह जैसे महान लोग पैदा हुए हैं। दोनों की कर्मस्थली यही क्षेत्र रहा है। एक तरफ सरकार किसानों के नाम पर भारत रत्न दे रही है, लेकिन किसानों को एमएसपी की गारंटी नहीं दी। किसान की ताकत ने सरकार को तीन काले कानून लागू करने से रोक दिया। उन्होंने भाजपा पर पूंजीवादी नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह उद्योगपतियों की सरकार है। भाजपा की सरकार उद्योगपतियों का कर्ज माफ करना चाहती है लेकिन किसानों का नहीं। देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनी तो किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। इस बार 400 पार नहीं, 400 हार का माहौल बन रहा है। अखिलेश यादव ने नौजवानों के मुद्दों पर भी भाजपा को निशाने पर रखा। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा फिर से सरकार में आ गई तो शादी भी नहीं होगी, क्योंकि जब देश के नौजवानों को रोजगार ही नहीं मिलेगा तो शादी ही नहीं होगी। बीजेपी वाले नौजवानों का भविष्य बेहतर देखना नहीं चाहते। हर परीक्षा का पेपर लीक हो रहा है। पेपर लीक भी यही लोग करवा रहे हैं, ताकि नौकरी देने से बच जायें।


जनसभा को सम्बोधित करते हुए पूर्व सांसद कादिर राणा ने कहा कि चरण सिंह और मुलायम सिंह के समय में भाईचारे का यह माहौल बनता था। इसी भाईचारे के कारण मुनव्वर जीता था, आज भी चरण सिंह और मुलायम सिंह जैसा माहौल बना है। हरेन्द्र की जीत के लिए 19 अपै्रल को ईद मनानी है। वोट डाल कर शीर खानी है। एक एक वोट कीमती है, एक भी वोट खोई तो पछताना पड़ेगा। बागपत, कैराना और बिजनौर सीटों को भी हम जीत रहे हैं। पूर्व प्रमुख शेर सिंह राणा ने कहा कि राजपूत समाज अपने अपमान से आहत है, समाज तय कर चुका है कि अब वो तानाशाही स्वीकार नहीं करेंगे। पूरा राजपूत समाज भागीदारी नहीं मिलने से आहत है। समाज एकजुट है। इस सरकार के बहकावे में अब नहीं आयेगा। जनसभा में मुख्य रूप से विधायक सरधना अतुल प्रधान, एमएलसी किरणपाल कश्यप, राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा, शाहिद सिद्दीकी, जमीयत नेता मौलाना नजर मौहम्मद, शेर सिंह राणा पूर्व प्रमुख, प्रमोद त्यागी एडवोकेट, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुबोध शर्मा सहित अन्य नेता मौजूद रहे। संचालन जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने किया।

ठाकुर चैबीसी ने कमाल कर दिया, ओबीसी भी हमारे साथः हरेन्द्र मलिक

मुजफ्फरनगर। सपा प्रत्याशी पूर्व सांसद हरेन्द्र मलिक ने अपने सम्बोधन में कहा कि 19 अपै्रल का चुनाव है, अखिलेश के नाम पर जनता लड़ रही है। ये चुनाव जनता और सत्ता का चुनाव है। ऐसी सभी लड़ाईयों में जनता जीती है और इस बार भी यहां जनता जीत रही है। जनता का तूफान किसी से नहीं रूका है। हमें चुनाव जिताने में 36 कौम की भागीदारी है। इस चुनाव में हिन्दू मुसलमान का मुद्दा खत्म हो गया है। यहां मुद्दा कमेरों और लुटेरों का है। अपमान और सम्मान का है। अपमान करने वालों को जनता जवाब देने जा रही है। ठाकुर चैबीसी ने कमाल कर दिया है। गुर्जर, सैनी, कश्यप, खेतिहर मजदूर, पाल, ब्राह्मण, स्वच्छकार और सवर्णकार समाज के साथ जो भी जीएसटी से प्रताड़ित है वो हमारे साथ है। आज किसान 750 किसानों की शहादत को याद कर रो रहा है। गाजीपुर बाॅर्डर पर उस रात किसान मसीहा महेन्द्र सिंह टिकैत के परिवार के पांच लोग वहां थे, कुछ अनिष्ट हो सकता था। तीन दिन रह गये हैं, सभी से वोट मांग लेने की जिम्मेदारी आप सभी है। ताकत आपसे ही है। साथ मिला तो मैं छाती ठोंककर अखिलेश के सामने खड़ा हो सकता हूं। 47 साल के राजनीतिक जीवन में जनता के सम्मान के लिए जीवन जिया है। समर्थकों के सम्मान को आंच नहीं आने दी जायेगी। अति पिछड़ों को सम्मान दिया है। पहले सैनी को और अब कश्यप को एमएलसी बनाया, अगला नम्बर पाल समाज से हो सकता है। बेहतर खिदमत का वादा मैं करता हूं। ठेस नहीं पहुंचेंगी। ये हरेन्द्र मलिक का चुनाव है, शांतिपूर्वक रहकर वोट डालना है, जो रोकने का काम करे, उसको दरकिनार कर देना।

750 शहीद किसानों की चिता पर क्यों नहीं रोये संजीव बालियानः पंकज मलिक

मुजफ्फरनगर। चरथावल सीट से सपा विधायक पंकज मलिक ने जनसभा में कहा कि अब मुजफ्फरनगर में सीधा चुनाव नजर आ रहा है। ये चुनाव अच्छाई-सच्चाई और अहंकार के बीच हो रहा है। अच्छाई के रूप में हरेन्द्र मलिक चुनाव मैदान में है, वो इसी बघरा क्षेत्र में पले और बढ़े हैं। इस जिले की जनता के सम्मान के लिए वो हमेशा ही समर्पित रहे हैं। दूसरी तरफ अहंकार हैं, संजीव बालियान फोन कर धमकाने का काम कर रहे हैं। कहा जा रहा है चुनाव बाद देख लेंगे। पुलिस के अधिकारी यहां पर ठीक हैं। आज रैली में आने के लिए हमारे लोगों को परेशान किया गया है। एक बेटी के आत्महत्या की आवाज उठाने वालों के साथ संजीव बालियान ने क्या व्यवहार किया था। उस बेटी की मौत क्यों हुई, जनता जानती है। अग्निवीर योजना लाकर नौजवानों को ठेंगा दिखा दिया। किसानों की शहादत पर संजीव बालियान की आंख से आंसू नहीं बहे। लखीमपुर में किसानों को कुचला गया, ये नहीं रोये। हाथरस की बेटी आवाज उठाने गये तो इसी सरकार ने उनके साथ क्या व्यवहार किया गया। उस समय भी इनकी आंख नम नहीं हुई थी।

Next Story