undefined

योगी ने किसान सम्मान पर बरसाई लाठीः जयंत

मुजफ्फरनगर के बाद आज मथुरा में दिखाई जयंत चौधरी ने सत्ता को किसानों की ताकत

योगी ने किसान सम्मान पर बरसाई लाठीः जयंत
X

मथुरा। हाथरस में हुए लाठीचार्ज के बाद फ्रंट फुट पर आये रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने मुजफ्फरनगर की महापंचायत के बाद आज यहां पर किसान बचाओ रैली का आयोजन करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पर जमकर निशाना साधा। इस रैली में भी भारी संख्या में किसानों के साथ ही रालोद और सपा कार्यकर्ता पहुंचे थे। यह रैली भी भाजपा के खिलाफ विपक्ष का मजबूत जमावडा साबित हुई है।

सोमवार को केन्द्र और राज्य सरकार के किसान विरोधी निर्णयों और कृषि कानूनों, हाथरस में लाठीचार्ज सहित अन्य मुद्दों को लेकर रालोद की किसान बचाओ महापंचायत सोमवार को हाईवे पर बालाजीपुरम में आयोजित हुई। महापंचायत में सवेरे से ही किसानों का भारी संख्या में पहुंचना शुरू हो गया था। दोपहर में जयंत चौधरी शामिल होने के लिए एक बड़े काफिले के साथ पहुंचे। उन्होंने कहा कि आज किसान की पीठ पर लाठी मारने का काम योगी और मोदी सरकार कर रही है। हाथरस में जो लाठी मारी गयी, वह किसानों के सम्मान पर बड़ा प्रहार थी। कृषि कानून बनाकर किसानों को अपने ही खेतों में मजदूर बनाने की साजिश की गयी है। किसान आज बदहाल है। मुजफ्फरनगर के बाद आज यहां पर किसानों ने भारी संख्या में जुटकर सरकार को बता दिया है कि भले ही कितनी भी लाठी चला लें, इन सरकारों की गलत नीतियां हमें कतई मंजूर नहीं है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन यहीं नहीं थमेगा, यहां से इसकी शुरूआत की गयी है।

इस पंचायत में सपा के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव, सपा के विधान परिषद सदस्य संजय लाठर, उदयवीर सिंह, पूर्व विधान परिषद सदस्य असीम यादव और जिला अध्यक्ष लोकमनीकांत जादौन, इनेलो महासचिव अभय सिंह चौटाला, अकाली नेता जगजीत सिंह भराल प्रमुख रूप से आदि शामिल हुए। इसके अलावा रालोद प्रदेश उपाध्यक्ष कुंवर नरेंद्र सिंह, ब्रजक्षेत्र अध्यक्ष अतुल सिसौदिया, अनूप चौधरी, जयवीर सिंह, ताराचंद गोस्वामी, मनोज शर्मा राया, यदुवीर सिंह सिसौदिया, विवेक देशवार, उमेश चौधरी, जगपाल सिंह, बाबूलाल प्रमुख, राजपाल भरंगर, हरवीर सिंह, गौरव चतुर्वेदी, पूर्व मंत्री चौ. योगराज सिंह, पूर्व मंत्री धर्मवीर बालियान, राजपाल बालियान, अजीत राठी आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे। मुजफ्फरनगर में खाप चौधरियों की नाराजगी से सबक लेते हुए मथुरा के पांच वरिष्ठ लोगों को महापंचायत का पंच बनाया गया। इसमें शंकरलाल गौतम, योगेंद्र सिंह, नारायण सिंह विप्लवी, यशपाल सिंह बघेल और ठा. बंगाली सिंह शामिल रहे।

इस पंचायत को लेकर पुलिस प्रशासन भी सतर्क बना रहा। पुलिस अधिकारियों ने योजनाब़ तरीके से तैयारी कर ली है। इसके लिए एक दिन पूर्व रविवार को एडीजी अजय आनंद तथा आईजी ए सतीश गणेश ने पुलिस लाइन पहुंचकर अधिकारियों को निर्देश दिए थे। सुरक्षा के लिए इन अफसरों ने पूरी निगरानी बनाये रखी। यहां पर सुरक्षा के लिए पांच कम्पनी पीएसी और अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया था। एसएसपी गौरव ग्रोवर के अलावा एसपी क्राइम राधेश्याम राय, एसपी सिटी उदयशंकर सिंह, एसपी देहात श्रीश चन्द्र भी फोर्स के साथ मौजूद रहे।

बता दें कि मथुरा कभी रालोद का गढ़ रहा है। 2009 में भाजपा गठबंधन के साथ रालोद ने यहां लोकसभा चुनाव लड़ा था। तब जयंत चौधरी लोकसभा पहुंचे थे। उस वक्त पांच विधानसभा सीटों में से दो सीट बलदेव और छाता में रालोद के विधायक थे। लेकिन, 2014 में रालोद ने भाजपा से अपनी राह अलग कर ली। तब मोदी की आंधी में रालोद ने यह सीट गंवा दी। मथुरा में इसके बाद रालोद कभी खड़ी नजर नहीं आई। लेकिन अब एक बार फिर रालोद ने यहां किसान पंचायत के सहारे अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। इस पंचायत को लेकर रालोद कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव संपर्क किया। पंचायत में वेस्ट यूपी से किसान और कार्यकर्ता भारी संख्या में पहुंचे थे। इस अंादोलन के सहारे सपा और रालोद के 2022 के राजनीतिक गठबंधन के मजबूत होने के संकेत भी साफ कर दिये गये हैं। यूपी की आठ सीटों पर हो रहे उपचुनाव मेें रालोद ने केवल एक सीट बुलन्दशहर पर ही अपना प्रत्याशी उतारा है, जबकि यहां पर सपा ने प्रत्याशी को टिकट नहीं दिया है। इससे स्पष्ट है कि उपचुनाव में भी रालोद व सपा के बीच गठबंधन बना है।

4 अक्टूबर को हाथरस में गैंगरेप पीड़िता के परिजनों से मिलने पहुंचे जयंत चौधरी और पार्टी कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया था, इसमें रालोद के कई कार्यकर्ता घायल हो गए थे। इस मुद्दे पर जयंत चौधरी ने मुजफ्फरनगर में भी महापंचायत की गई थी, जिसमें इंडियन नेशनल लोकदल हरियाणा के प्रधान महासचिव विधायक अभय सिंह चौटाला, कांग्रेस से सांसद दीपेंद्र हुड्डा, सपा के पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव पहुंचे थे। इसी महापंचायत में जयंत चौधरी ने 12 अक्टूबर को मथुरा में किसान बचाओ महापंचायत करने का ऐलान किया था।

Next Story