वैदिक पुत्री पाठशाला इंटर कॉलेज पर हो रही छेड़छाड़

Update: 2021-10-09 10:15 GMT

मुजफ्फरनगर। शहर में महिला सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति अभियान के अन्तर्गत पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है, लेकिन इसके बाद भी छेड़छाड़ जैसी घटनाओं को रोकने में सफलता नहीं मिल पा रही है। शोहदों से परेशान होकर एक कॉलेज की प्रिंसीपल को पुलिस से मदद मांगनी पड़ी है।

वैदिक पुत्री पाठशाला इण्टर कॉलेज नई मण्डी की प्रधानाचार्या राजेश कुमारी ने शनिवार को नई मण्डी थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई है। इसमें प्रधानाचार्या ने बताया कि उनके विद्यालय में शासन के निर्देशानुसार दो पालियों मेें कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। पहली पाली सवेरे 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली 12 बजे से शाम साढ़े चार बजे तक चलाई जा रही है। उन्होंने बताया कि इस दौरान कॉलेज आने जाने वाली छात्राओं के साथ कुछ युवकों के द्वारा छेड़छाड़ की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। इस मामले में स्कूल स्तर से निगरानी की गयी, लेकिन यह लोग अपने गलत आचरण से बाज नहीं आ रहे हैं। प्रधानाचार्या का कहना है कि कई बाद छात्राओं ने युवकों द्वारा स्कूल के आसपास की छेड़छाड़ करते हुए अश्लील फब्तियां कसने और रास्ता रोकने की शिकायत भी की है। प्रधानाचार्या ने नई मण्डी थाना प्रभारी से कॉलेज के आसपास पुलिस सुरक्षा व्यवस्था करने के साथ ही इन शोहदों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। 

Similar News