आगरा में लूटपाट के दौरान बुजुर्ग महिला की हत्या
उत्तर प्रदेश में आगरा जनपद के थाना पिनाहट क्षेत्र में बदमाशों ने एक घर में बीती रात लूट की वारदात को अंजाम देते हुये घर में मौजूद बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को बताया कि मृतका के पति ने सुबह इस वारदात की जानकारी दी।;
आगरा- उत्तर प्रदेश में आगरा जनपद के थाना पिनाहट क्षेत्र में बदमाशों ने एक घर में बीती रात लूट की वारदात को अंजाम देते हुये घर में मौजूद बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि मृतका के पति ने सुबह इस वारदात की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार बदमाश अलमारी और संदूक का ताला तोड़कर नगदी व आभूषण लूट ले गए। सुबह 62 वर्षीया रामकली का शव उनके घर के अंदर मिलने से मोहल्ले में सनसनी फैल गई। मृतका के पति सियाराम ने बताया कि रात को वह घर के बाहर सो रहे थे। पत्नी घर के अंदर सो रही थी। सुबह तकरीबन छह बजे वह घर के अंदर गए तो उन्होंने देखा पत्नी का शव जमीन पर पड़ा था। रामकली के चेहरे पर खून लगा हुआ था। पत्नी का शव देखकर सियाराम के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई। मृतका के पति ने बताया कि बदमाश अलमारी और संदूक का ताला तोड़कर नगदी व आभूषण लूटकर ले गए। माना जा रहा है कि महिला की हत्या गला दबाकर की गई है। सियाराम के चार पुत्र रामनिवास, बालकिशन, बाल्मीकि और हरिओम हैं। सबसे बड़ा पुत्र रामनिवास अलग एक मकान में किराये पर रहता है। उससे छोटा बालकिशन बाहर बने कमरे में पत्नी के साथ दो बच्चों के साथ रहता है। वाल्मीकि और हरिओम अहमदाबाद रहकर मजदूरी करते हैं। रामकली पति के साथ घर में रहती थीं। चार दिन पहले मृतका के पति सियाराम ने अपने पुत्र बालकिशन और उसकी पत्नी मंजू देवी के खिलाफ थाना पिनाहट में तहरीर दी थी। आरोप लगाया था कि पुत्र और पुत्रवधू उनसे मारपीट करते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी इस मामले में कोई गिरफ्तार नहीं हुआ है।