undefined

सीओ सिटी राजेश द्विवेदी ने किया ऐसा काम, लोग कर रहे प्रशंसा

सीओ सिटी राजेश द्विवेदी ने किया ऐसा काम, लोग कर रहे प्रशंसा
X

मुजफ्फरनगर। यूपी में पुलिस छवि सुधार मुहिम का असर गाहेबगाहे देखने को मिलता रहता है। जनपद में भी पुलिस कप्तान अभिषेक यादव के नेतृत्व में सोशल पुलिसिंग पर जोर दिया गया है। इसी कड़ी में सीओ सिटी राजेश कुमार द्विवेदी के एक कार्य की पुलिस विभाग के साथ ही लोगों के बीच भी सराहना हो रही है। सीओ सिटी ने सड़क पर बेसहारा बैठी बुजुर्ग साध्वी महिलाओं को ठण्ड से बचाने के लिए गर्म कम्बल के साथ ही उनको खाने का सामान भी अपने पैसे से उपलब्ध कराया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला शनिवार का है। इस दिन उत्तराखंड के जनपद हरिद्वार के एक आश्रम में रह रही कुछ बुजुर्ग साध्वी महिलाएं वहां से प्रस्थान कर मुजफ्फरनगर पहुंची थी। ये महिलाएं रेलवे रोड पर अकेली बैठी हुई थी। इसी बीच वहां पर गश्त करते हुए निकल रहे सीओ सिटी राजेश कुमार द्विवेदी की निगाह सड़क किनारे भगवा लिबास में बैठी इन बुजुर्ग महिलाओं पर पड़ी। इन महिलाओं के पास ठण्ड से बचाव के लिए भी कोई सामान नहीं था और न ही कोई पुरुष इनके साथ मौजूद था। यह देखकर सीओ सिटी ने गाड़ी रुकवाई और इन साध्वी महिलाओं को अपने साथ कार्यालय ले आये। यहां पर इन साध्वी महिलाओं से सीओ सिटी ने अकेले बैठे रहने का कारण पूछा तो उन्होंने बताया कि वह हरिद्वार से यहां आई हैं और ठहरने का कोई साधन नहीं है। इन महिलाओं ने मदद के लिए पैसे मांगे, तो सीओ सिटी ने उनको वहीं पर बैठा लिया और अपने पैसों से गर्म कम्बल तथा खाने का सामान मंगाया। यह सामान इन साध्वी महिलाओं को देकर उन्होंने उनको रवाना किया। पुलिस अफसर की यह दरियादिली देखकर साध्वी महिलाएं उनको साधुवाद देते हुए आगे रवाना हो गयी। सीओ सिटी राजेश कुमार द्विवेदी की मदद का यह अंदाज लोगों के बीच चर्चाओं में बना हुआ है।

Next Story