यूपी-हरियाणा बार्डर पर भाकियू-पुलिस में हाथापाई

हरियाणा में गेहूं वाहनों की नो एंट्री के बाद भाकियू ने किया हंगामा, ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश में पुलिस ने चलाई लाठियां किसानों ने पुलिस की नाकाबंदी को तोड़कर गेहूं से लदे वाहनों की हरियाणा सीमा में कराई जबरन एंट्री, खूब-चले लाठी और डंडे;

Update: 2023-04-29 09:08 GMT

मुजफ्फरनगर/शामली। हरियाणा में सरकार के द्वारा यूपी के किसानों के गेहूं विक्रय करने पर प्रतिबंध लगा दिये जाने के चलते भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने यूपी-हरियाणा बार्डर पर प्रदर्शन करते हुए बखेड़ा खड़ा कर दिया। उन्होंने हरियाणा प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुलिस द्वारा हरियाणा में वाहनों की एंट्री रोकने के लिए की गयी नाकाबंदी तोड़ दी और गेहूं के वाहनों की जबरन हरियाणा में एंट्री कराई गई। इस दौरान भाकियू कार्यकर्ताओं की हरियाणा पुलिस के जवानों के साथ तीखी नोकझोंक और हाथापाई भी हुई। किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने लाठी उठाई तो जमकर यहां पर लाठी डंडे चलते हुए दिखाई दिये।

दरअसल, पिछले कई दिनों से हरियाणा की मंड़ियों में गेहूं विक्रय करने जाने के लिए यूपी के किसानों को भारी परेशानियों से दोचार होना पड़ रहा है। एक बार फिर कैराना से हरियाणा जा रहे किसानों की गेहूं की दर्जनों ट्रैक्टर ट्रालियों को हरियाणा सरकार ने रोक दिया, जिससे वहां लंबी लाइन लग गई। किसानों ने मामले की सूचना भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं को दी, जिससे उनमें आक्रोश फैल गया। इसके बाद कैराना जनपद शामली के भाकियू मंडल महासचिव चैधरी अब्बास के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने बार्डर पर हंगामा कर दिया। उन्होंने प्रदर्शन करते हुए हरियाणा प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान भाकियू कार्यकर्ताओं ने हरियाणा पुलिस के जवानों से वार्ता की और यूपी के किसानों के वाहनों को हरियाणा में जाने देने को कहा गया। लेकिन सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद भाकियू कार्यकर्ताओं ने हरियाणा पुलिस की नाकाबंदी को तोड़ दिया। उन्होंने गेहूं के वाहनों को निकलवाने के प्रयास किए, तो पुलिसकर्मी सामने आ गए। जिस पर पुलिसकर्मियों के साथ तीखी नोकझोंक और हाथापाई हुई। इसके बाद भाकियू कार्यकर्ताओं ने गेहूं के वाहनों जबरन हरियाणा में एंट्री करा दी। इस दौरान जिलाध्यक्ष कालेंद्र मलिक, नवाब अली मौजूद रहे। यूपी-हरियाणा बार्डर पर रोके गए यूपी के किसानों के गेहूं के वाहनों को भाकियू कार्यकर्ताओं ने जब निकलवाना शुरू किया तो हरियाणा पुलिस के जवान ट्रैक्टर ट्रालियों के सामने आ गए। उन्हें हाथों से रोकने का प्रयास किया। कुछ पुलिसकर्मी ट्रैक्टरों पर भी चढ़ गए। तब हरियाणा के पुलिसकर्मियों के ऊपर भी ट्रैक्टर को चढ़ाने का प्रयास किया गया, जिस पर पुलिस ने ट्रैक्टरों पर अपने डंडे भी चलाए, जिससे माहौल गर्म हो गया। इसके बाद गेहूं के वाहनों को हरियाणा में जबरन भेजा गया।

Similar News