पशुओं की खासियत ने किसानों को बनाया दीवाना
पशु प्रदर्शनी के पहले दिन छाये पानीपत के घोलू, करनाल की रेशमा और वीरू, केन्द्रीय मंत्रियों ने किया दो दिवसीय पशु प्रदर्शनी एवं कृषि मेले का उद्घाटन;
मुजफ्फरनगर। केन्द्रीय पशुपालन एवं डेयरी विभाग के द्वारा किसानों और पशुपालकों को उन्नत तकनीक और उच्च नस्लीय पशुओं की ओर आकर्षित करने के लिए आज नुमाइश मैदान में दो दिवसीय पशु प्रदर्शनी एवं कृषि मेले का शुभारंभ किया गया। मेले को लेकर उत्साह इतना था कि सवेरे से ही हजारों किसानों का हुजूम मेरठ रोड स्थित नुमाइश मैदान पर जुटने लगा था। जबकि मेले का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि केन्द्रीय सड़क एवं परिवहन, राज्यमार्ग मंत्री नितिन गडकरी व केन्द्रीय पशुपालन एवं डेयरी मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला ने दोपहर बाद किया। इस दौरान केन्द्रीय पशुपालन एवं डेयरी राज्यमंत्री और स्थानीय सांसद डाॅ. संजीव बालियान, राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने उनका स्वागत किया। केन्द्रीय मंत्रियों ने मेले पर लगे स्टाल्स के साथ ही यहां लाये गये उच्च नस्लीय गौवंशीय पशुओं का भी निरीक्षण किया। इस पशु प्रदर्शनी में पशुपालकों ने अपने अपने पशुओं का मंच पर कैटवाॅक कराते हुए उनकी खास बातों का प्रदर्शन किया। मेले में करनाल से आई घोड़ी रेशमा की खूबसूरती तो करनाल के ही सुडौल झौट्टे वीरू के शरीर ने किसानों को लुभाया तो 10 करोड़ी पानीपत के झोट्टे घोलू ने सबसे ज्यादा चर्चा बटोरी।
कई दिनों से चर्चाओं में बने राष्ट्रीय पशु प्रदर्शनी और कृषि मेला गुरूवार को शहर के नुमाइश मैदान पर शुरू हो गया। राष्ट्रीय पशु प्रदर्शनी में हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के पशुओं के पहुंचने का सिलसिला कई दिनों से लगातार जारी है। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय पशुपालन मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला और उत्तर प्रदेश के पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह ने दोपहर में मेले का उद्घाटन किया। इसके बाद मंत्रियों ने डाॅ. संजीव बालियान के ड्रीम प्रोजेक्ट तुगलकपुर स्थित गाय अभयारण्य का शिलान्यास भी किया। इस किसान मेले में सवेरे करीब दस बजे पहुंचे केन्द्रीय राज्यमंत्री डाॅ. संजीव बालियान ने किसानों और पशुपालकों का स्वागत कयिा। किसान मेले में जहां एक और कृषि कंपनियों के स्टाल पर किसानों का जमावड़ा लगा रहा, वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय पशु प्रदर्शनी में पहुंचे विभिन्न राज्यों के पशु किसानों को अपना दीवाना बनाते रहे। यहां करोड़ों की कीमत के भैंसे से लेकर 65 लीटर दूध देने वाली गाय तक मौजूद है। यही नहीं यहां 1 क्विंटल 10 किलो वजन का बकरा भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
केंद्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान ने सुबह विभिन्न कंपनियों के स्टाल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि मेले के सर्वश्रेष्ठ पशु को पांच लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। मेले में भेड़, बकरी, घोड़ा, मुर्राह नस्ल, गिर, हरियाणा नस्ल, साहीवाल, थारपारकर नस्ल के पशु मेले में पहुंच चुके हैं। मेले में करीब 50 लाख के इनाम बांटे जाएंगे। इस पशु प्रदर्शनी में पानीपत से लाया गया मुर्राह नस्ल का भैंसा घोलू प्रदर्शनी में पहुंचते ही छा गया। दस करोड़ की कीमत के भैंसे के साथ सेल्फी लेने की होड़ लगी रही। नुकरी घोड़ी रेशमा की सुंदरता सबके दिलों को भाई गई। पानीपत के डिडवाड़ी गांव से पदमश्री नरेंद्र सिंह अपने पशुओं के साथ पहुंचे। उनके भैंसे घोलू-2 को देखने के लिए पशु प्रेमियों की भीड़ जमा रही। राष्ट्रीय स्तर पर कई बार के विजेता घोलू की कीमत 10 करोड़ तक लगाई जा चुकी है। करीब 16 क्विंटल वजन के भैंसे को रोजाना 10 किलो फीड दिया जाता है। आठ से 10 किमी की सैर कराई जाती है। राष्ट्रीय स्तर पर घोलू धमाल मचा चुका है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पशु प्रेमी उसके खूब दीवाने हैं। करनाल के गालिबखेड़ी से चरणजीत सिंह अपनी नुकरी नस्ल की घोड़ी रेशमा को लेकर मेले में पहुंचे हैं। रेशमा मेले में पहुंचते ही सबको भा गई। रात से ही यह घोड़ी चर्चाओं में रही। आज सवेरे भी किसानों ने इस रेशमा, घोलू, वीरू और अन्य प्रमुख पशुओं के साथ अपने फोटो खिंचवाकर इस याद को अविस्मरणीय बनाने का काम किया। इस प्रदर्शनी का समापन शुक्रवार को किया जायेगा। इसमें मुख्य रूप से केन्द्रीय मंत्री गिरीराज सिंह उपस्थित रहेंगे। आज प्रदर्शनी में गोपशु, भैंसांे, भेड़ों की प्रतियोगिता, बकरियों की प्रतियोगिता कराई गई, जबकि सेमिनार हाॅल में वैज्ञानिकों ने किसानों को नई तकनीक की जानकारी प्रदान की।
किसान संगठनों के नेताओं ने की सराहना
आज पशु प्रदर्शनी के उद्घाटन अवसर पर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चै. राकेश टिकैत, जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा, युवा मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा आदि के साथ पहुंचे। उन्होंने पशुओं का निरीक्षण किया और विभिन्न कंपनियों और सरकारी योजनाओं के स्टाल्स पर जाकर भी जानकारियां ली। इसके साथ ही भाकियू अराजनैतिक के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेन्द्र मलिक ने भी अपनी टीम के किसान नेताओं के साथ यहां पहुंचकर किसानों के साथ पशुओं और योजनाओं का जायजा लिया। सभी ने इस आयोजन की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए इसके किसानों के हित में बड़ा कदम बताया है।