यूपी से भाजपा का राजनीतिक पलायन तय: अखिलेश यादव

Update: 2022-01-28 12:58 GMT

मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी का इस बार राजनीतिक पलायन तय है। उन्होंने कहा कि बाबा को तो भाजपा ने पलायन कर घर भेज दिया है। उन्होंने सरकार बनने पर मुफ्त बिजली जैसे वादे दोहराए।

राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की कृपा हुई कि मैं सकुशल मुजफ्फरनगर पहुंच गया हूं। सपा मुखिया ने कहा है कि हम दोनों किसान के बेटे हैं, इस बार हो रहे विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी एवं आरएलडी गठबंधन की जीत निश्चित है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की ओर से किसानों से राय लिए बगैर नये कृषि कानून लाए गए, जिसके विरोध में तकरीबन 1 साल तक राजधानी दिल्ली के बॉर्डरों के ऊपर किसान आंदोलन चला। लेकिन अंत में वोट के लिए भाजपा ने यह तीनों कृषि कानून वापस ले लिये है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार आने पर नये कृषि कानूनों जैसा कोई भी काला कानून उत्तर प्रदेश में लागू नहीं हो पाएगा। उन्होंने किसानों को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने एकजुट होकर नये कृषि कानूनों को वापिस कराया है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि मैं कई घंटे तक राजधानी दिल्ली में हेलीकॉप्टर के भीतर बैठा रहा और मुझे मुजफ्फरनगर आने से रोकने की कोशिशें की गई। यह चुनाव किसानों के भविष्य का है, यह चुनाव गरीबों एवं नौजवानों का है। उन्होंने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी अभी तक भी पुराने मुद्दों को उठाकर ही चुनाव मैदान में लड़ रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रयागराज में सही से परीक्षा कराना आखिर किसकी जिम्मेदारी थी? उन्होंने कहा कि नौजवानों को नौकरी और रोजगार मिलेगा या नहीं मिलेगी? भारतीय जनता पार्टी ऐसी मुददों को लेकर कोई बात नहीं करना चाहती है। सपा मुखिया ने कहा है कि इस बार भाजपा का उत्तर प्रदेश से राजनीतिक पलायन होगा। भारतीय जनता पार्टी का हर वादा जुमला है और पर्चा फैंककर भाजपा कोरोना फैला रही है।

अखिलेश ने चुनाव में गडबडी की आशंका जताते हुए कहा कि चुनाव में उत्तर प्रदेश के अधिकारियों को लगाया है ताकि अधिकारियों पर दबाव बनाया जा सके और दवाब में उनका वोट डलवाया जा सके। अखिलेश यादव ने कहा कि आप प्रचार का तेल-घी न खाएं, अपना शुद्ध तेल खरीद कर ही खाएं। उन्होंने कहा कि हमने पहले भी कहा था कि बुंदेलखंड में तेल का कारखाना लगाएंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा का गंगा एक्सप्रेसवे तो पता नहीं कब बनेगा। लेकिन सपा और रालोद गठबंधन यहां से लखनऊ के लिए ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे जरूर बनाएंगे। वहीं हाईकोर्ट बेंच की मांग के सवाल पर कहा कि गठबंधन इस काम को भी जरूर कराएगा। 

अखिलेश यादव ने चौधरी चरण सिंह, बाबा टिकैत, नेता जी और अजित सिंह जी ने समय-समय पर सरकार को जागरूक करने का काम किया है। उन्होंने कहा अब हम गठबंधन कर उनकी विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। अखिलेश ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इनकी मंशा में खोट है। इसीलिए किसानों को बिना बताए तीन कृषि कानून लाए गए और फिर वोटों के लिए उन्हें वापस भी ले लिया। अखिलेश ने कहा कि मैं किसानों की ताकत की प्रशंसा करता हूं कि सरकार को किसानों के सामने झुकना पड़ा। अखिलेश ने कृषि कानून वापस होने पर किसानों को बधाई दी। अखिलेश यादव ने कहा कि ऐसे काले कानून कभी भी उत्तर प्रदेश में लागू नहीं हो पाएंगे। 

अखिलेश ने कहा बिजली के क्षेत्र में समाजवादी पार्टी ने 300 यूनिट बिजली फ्री, सिंचाई फ्री की घोषणा की है। वहीं एमएसपी की खरीद के लिए जो भी इतंजाम किए जाएंगे, उन्हें गठबंधन की सरकारी करेगी। अखिलेश ने कहा कि किसानों को 15 दिनों में गन्ने का भुगतान किया जाएगा। साथ ही कहा कि छात्रों को पहले भी लैपटॉप बांटे थे अब भी बांटेंगे। उन्होंने समाजवादी पेंशन पहले दी और अब भी देंगे। उन्होंने बताया कि जनपद सहारनपुर की देवबंद विधानसभा सीट पर कार्तिकेय राणा ही सपा-आरएलडी गठबंधन के उम्मीदवार हैं। गौरव स्वरूप के भाजपा में जाने के सवाल को उन्होंने टाल दिया। जयंत चौधरी ने कहा कि गठबंधन पूरी मजबूती से चुनाव लड़ेगा।

सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव व रालोद राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी की संयुक्त प्रेस वार्ता में रालोद प्रदेश अध्यक्ष डॉ मसूद अहमद, सपा एमएलसी अरविंद भदौरिया,एमएल सी सुनील सिंह यादव सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी एडवोकेट, रालोद जिलाध्यक्ष प्रभात तोमर, पूर्व मंत्री राजकुमार यादव,  सपा रालोद गठबंधन के मुजफ्फरनगर सदर विधानसभा प्रत्याशी सौरभ स्वरूप, पुरकाजी विधानसभा प्रत्याशी अनिल कुमार, बुढ़ाना विधानसभा प्रत्याशी राजपाल बालियान, मीरापुर प्रत्याशी चन्दन चौहान,खतौली प्रत्याशी राजपाल सैनी, चरथावल विधानसभा प्रत्याशी पंकज मलिक,सपा जिला महासचिव जिया चौधरी,सपा प्रवक्ता मीडिया प्रभारी साजिद हसन, सपा नेता राकेश शर्मा,सपा जिला कोषाध्यक्ष सचिन अग्रवाल, सपा नेता विकास स्वरूप, रामनिवास पाल, सपा छात्र सभा जिलाध्यक्ष यूसुफ गौर, अल्पसंख्यक सभा जिलाध्यक्ष डॉ नूर हसन सलमानी,रोहन त्यागी आदि उपस्थित थे। हाल ही में सपा में शामिल कादिर राणा आज भी गायब रहे।

Similar News