खनन माफिया ने सिपाही की ट्रैक्टर से कुचल कर हत्या कर दी

Update: 2020-11-08 05:28 GMT

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में खनन माफियाओं के हौसलें किस कदर बुलंद हैं इसका अंदाजा थाना सैंया में हुई घटना से लगाया जा सकता है। खनन माफियाओं ने एक सिपाही पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। 

घटना की जानकारी मिलते ही थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और कार्यवाही शुरु कर दी है। आगरा के थाना सैया में बैच 2018 का सिपाही सोनू चौधरी अलीगढ़ का रहने वाला था। रोज की तरह आज भी वह ड्यूटी कर रहा था। 

बताया जा रहा है सुबह लगभग 6 बज रहा था, तभी गश्त के दौरान उन्हें ग्राम अयेला में एक अवैध खनन का ट्रैक्टर जाते हुए नजर आया। सिपाही ने ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया तो ट्रैक्टर चालक ने सिपाही को कुचल दिया। जिससे उनकी मौत हो गई। 

घटना के बाद ट्रैक्टर चालक भाग गया। इसकी जानकारी होते ही थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Similar News