मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के तीन वर्ष पूरे होने पर गुरूवार को संगठन के द्वारा शहर के जीआईसी मैदान में स्थापना दिवस मनाने के साथ ही किसान मसीहा बाबा महेन्द्र सिंह टिकैत को याद करते हुए उनकी पुण्यतिथि पर नमन किया गया। इस दौरान यूनियन के प्रवक्ता धर्मेन्द्र मलिक ने कहा कि किसानों के अधिकारों को पाने के लिए एकजुटता जरूरी है।
भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के तीसरे स्थापना दिवस एवं बाबा महेन्द्र सिंह टिकैत की 14वीं पुण्यतिथि पर संगठन के द्वारा जीआईसी मैदान पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में यूनियन पदाधिकारी और किसान मौजूद रहे। संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेन्द्र मलिक ने अपने संदेश में कहा कि यह स्थापना दिवस हमें आत्मचिंतन और भविष्य की राह तय करने का अवसर देता है। हमें यह याद रखना होगा कि हमारी एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। हमें अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए मिलकर काम करते रहना होगा और किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं और नेताओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि इन तीन वर्षों में संगठन को मजबूत बनाने और किसानों की सेवा करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देकर संगठन को एक शक्ति देने का काम कार्यकर्ताओं ने ही किया है, इनके समर्पण और कड़ी मेहनत के बिना यह संभव नहीं था कि इतने कम समय में किसानों के अधिकार के लिए हम लड़ाई को इतने उच्च स्तर तक ले जा पाते। भविष्य में हमें अनेक चुनौतियों का सामना करना है। इसके लिए भी हमें तैयार रहना है। कहा कि भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के द्वारा किसानों के लिए किए गए संघर्ष का ऐतिहासिक सफर तीन वर्ष पूरे कर चैथे साल में प्रवेश कर रहा है। हमें इस दिन किसान मसीहा महात्मा टिकैत को भी याद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस स्थापना दिवस और आज महात्मा टिकैत की पुण्यतिथि परपर हम सभी को मिलकर यह संकल्प लेने की अवश्यकता है कि हम भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक को और अधिक मजबूत बनाएंगे और किसानों के कल्याण के लिए अपना संघर्ष जारी रखेंगे।