राजीव गांधी के जीवन पर युवाओं से सवाल पूछेंगे कांग्रेसी

स्व. राजीव गांधी के 76वें जन्म उत्सव के उपलक्ष में कांग्रेस पार्टी की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर भारत के सशक्तिकरण की यात्रा-1947 से लेकर 2020 तक विषय पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता कराई जा रही है।

Update: 2020-08-25 10:26 GMT

मुजफ्फरनगर। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की जयंती के उपलक्ष में कांग्रेस द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर आॅनलाइन सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता को शुरू कराया जा रहा है। इसमें युवाओं को जोड़ा जायेगा। यूपी के प्रत्येक जनपद में भी यह प्रतियोगिता आयोजित होगी। मुजफ्फरनगर से करीब एक हजार युवाओं को इसमें आमंत्रित किया जायेगा और विजेताओं को कांग्रेस पार्टी की ओर से पुरस्कार दिया जायेगा।

कांग्र्रेस सेवादल के जिला अध्यक्ष पं. सतीश शर्मा ने बताया कि स्व. राजीव गांधी के 76वें जन्म उत्सव के उपलक्ष में कांग्रेस पार्टी की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर भारत के सशक्तिकरण की यात्रा-1947 से लेकर 2020 तक विषय पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि जनपद में यह प्रतियोगिता कराने के लिए पार्टी की ओर से उनको जिला कोर्डिनेटर बनाया गया है। इसके साथ ही जनपद के 11 ब्लाॅक में रईस अहमद, प्रदीप जैन सहित सह कोर्डिनेटर बनाये गये हैं। प्रत्येक ब्लाॅक से कम से कम 100 प्रतियोगियों का चयन किया जायेगा।

उन्होंने बताया कि यह सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता 13 व 14 सितम्बर को आॅनलाइन आयोजित करायी जायेगी। इसमें 16 से 22 वर्ष आयु के प्रतिभागियों को प्रतिभाग करने की अनुमति होगी। इसके लिए प्रतिभागियों को आॅन लाइन फार्म भरना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि इस सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में 60 प्रश्नों का उत्तर प्रतिभागी को 30 मिनट में देना होगा। प्रतियोगिता के बाद जनपद स्तर पर विजेताओं के नामों का ऐलान किया जायेगा। प्रथम तीन विजेताओं को लैपटाॅप, मोबाइल फोन और टेबलेट दिये जायेंगे। इसके अलावा जिले में 100 सांत्वना पुरस्कार भी वितरित होंगे। उन्होंने कहा कि ब्लाॅक स्तर पर टीमों को फार्म भरवाने के लिए लगा दिया गया है। 

Tags:    

Similar News