सोरम की घटना पर मंत्री संजीव बालियान ने किया ट्वीट

गांव सोरम में मंत्री के विरोध पर किसानों की पिटाई को लेकर सियासत गरम हो चुकी है। विपक्ष द्वारा हो हल्ला मचाने पर मंत्री संजीव बालियान ने रालोद कार्यकर्ताओं पर गाली गलौच कर माहौल बिगाड़ने के आरोप भी लगाये हैं।

Update: 2021-02-22 14:28 GMT

मुजफ्फरनगर। केन्द्रीय राज्य मंत्री डाॅ. संजीव बालियान ने जनपद में गांव सोरम में हुई मारपीट की घटना को लेकर ट्वीट करते हुए बयान जारी किया है। इसमें उन्होंने साफ कर दिया है कि सोरम मेें मारपीट की घटना लोकदल कार्यकर्ताओं के उकसाने के कारण हुई है। इसमें भाजपा कार्यकर्ताओं का कोई भी हाथ नहीं है।

सोमवार को गांव सोरम में एक रस्म तेहरवीं में पहुंचे केन्द्रीय मंत्री संजीव बालियान के खिलाफ कुछ किसानों ने नारेबाजी करते हुए उनका विरोध किया था। इसी को लेकर वहां पर दो पक्षों में संघर्ष हो गया और कई लोग चोटिल हो गये। इसको लेकर राष्ट्रीय स्तर पर सियासत भी गरम हो चुकी है। इस मामले में राष्ट्रीय लोकदल, समाजवादी पार्टी और अन्य दलों ने भी मुखर विरोध दर्ज कराया है। मुजफ्फरनगर जनपद के शाहपुर थाने पर किसानों का बड़ा घेराव प्रदर्शन चल रहा है।

इसको लेकर किसानों ने केन्द्रीय राज्यमंत्री डाॅ. संजीव बालियान को पूरी तरह से दोषी बताते हुए उनके खिलाफ रोष जताया है। इसी को लेकर देर शाम केन्द्रीय मंत्री संजीव बालियान ने ट्वीट करते हुए सोरम की घटना को लेकर अपनी बात साझा की है। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा है, ''मैं सोरम में स्वर्गीय राजबीर सिंह की शोकसभा एवं रस्म पगड़ी में शामिल हुआ, इसी दौरान लोकदल के 8-10 नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने बदतमीजी तथा गाली गलौज की। जिस पर स्थानीय निवासियों ने उन्हें ऐसा करने को मना किया। जहां पर आपसी झड़प हुई। लोकदल पार्टी ने जिस तरह से किसानों की आड़ में आपसी भाईचारा खराब करने का प्रयास किया वह निंदनीय है।''

मंत्री संजीव बालियान ने सोरम गांव में हुई इस घटना को लेकर अपने ट्वीट से साफ कर दिया है कि इसमें भाजपा कार्यकर्ताओं की कोई भी भूमिका नहीं है।

Similar News