सफाई अभियान में लापरवाह बने ईओ, चेयरपर्सन भड़की

दूसरे दिन चला विशेष सफाई अभियान, गायब रहे चार कर्मियों की सेवा समाप्त, पालिकाध्यक्ष अंजू अग्रवाल बोलीं-पदीय दायित्वों के विपरीत आचरण कर रहे ईओ, भेजा जायेगा नोटिस

Update: 2022-03-02 10:17 GMT

मुजफ्फरनगर। नगर में साफ सफाई के लिए चलाये जा रहे विशेष सफाई अभियान के दूसरे दिन आज चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल पूरी दृढ़ता के साथ सड़कों पर उतरीं नजर आई। उन्होंने अभियान की निगरानी के लिए सघन निरीक्षण किया। इस दौरान ड्यूटी से गायब मिले 4 सफाई कर्मचारियों की सेवा तत्काल समाप्त करने के साथ ही अभियान के प्रति लापरवाही बरतने पर ईओ की कार्यप्रणाली को लेकर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने ईओ को गैर जिम्मेदार बताते हुए नोटिस भेजने की बात भी कही है।


बता दें कि शहर को स्वच्छ बनाने के लिए 28 फरवरी से पांच दिवसीय अभियान शुरू किया गया था, लेकिन एक मार्च को महाशिवरात्रि का पर्व होने के कारण इस अभियान को एक दिन के लिए स्थगित किया गया। आज सवेरे 7 बजे से महावीर चौक से यह अभियान शुरू किया गया। अभियान के शुभारम्भ पर चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल पालिका के अफसरों और पूरी टीम के साथ मौजूद रही। पालिका अध्यक्ष अंजू अग्रवाल के द्वारा प्रातः 7 बजे राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में विशेष सफाई अभियान में लगाए गए सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति ली गई। उसके पश्चात 10.30 बजे तक निरंतर जोनल सेनेटरी अधिकारी राजीव कुमार, सोनू मचल महामंत्री सफाई कर्मचारी संघ के साथ विशेष अभियान का प्रभावी पर्यवेक्षण किया गया। पालिकाध्यक्ष ने अफसरों के साथ महावीर चौक से सूजडू चुंगी तथा महावीर चौक से रेलवे स्टेशन तक अभियान का पैदल भ्रमण कर निरीक्षण कियां।

विशेष सफाई अभियान के अंतर्गत महावीर चौक से डिवाइडर के दोनों और की सफाई तथा नाला गैंग के माध्यम से मैनुअली नालों की सफाई एवं जेसीबी व रोबोट मशीन के माध्यम से नालों की सफाई अपने सामने खुद खड़े होकर कराई गई। साथ ही काशीराम कॉलोनी एवं महावीर चौक से जानसठ फ्लाईओवर के नीचे होते हुए रेलवे स्टेशन तक की सफाई कराई गई। सफाई अभियान के दूसरे दिन भी तथा महाशिवरात्रि पर्व पर भी अधिशासी अधिकारी हेमराज सिंह की उपस्थिति ना होने पर पालिकाध्यक्ष द्वारा कड़ी नाराजगी प्रकट की गई। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण प्रदेश सरकार की नीतियों के अनुसार चल रहा है। ऐसे में अधिशासी अधिकारी का सफाई अभियान मैं उपस्थित ना होना आपत्तिजनक है। उन्होंने कहा कि आज ईओ को फोन कर अभियान में शामिल होने के लिए बुलाया गया, लेकिन फोन के बावजूद भी वह नहीं आये। यह उनकी लापरवाही कार्यप्रणाली को प्रदर्शित करता है। इसके लिए ईओ को नोटिस जारी कर पदीय दायित्वों के प्रति नकारात्मक कार्यशैली रखने पर स्पष्टीकरण मांगा जायेगा।


आज अभियान में 68 आउटसोर्सिंग सफाई कर्मी तथा 18 नाला गैंग के कर्मियों के साथ-साथ जेसीबी एम रोबोट ट्रैक्टर ट्राली तथा ट्रिपर के कर्मचारी मौके पर कूड़ा उठाने हेतु मौजूद रहे। परंतु 4 कर्मचारी विशेष सफाई अभियान में अनुपस्थित रहने पर पालिकाध्यक्ष द्वारा उनकी सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई तथा सभी कर्मचारियों को हिदायत दी गई कि वह शाम की पारी में विशेष सफाई अभियान में उपस्थित रहकर सफाई कार्य करना सुनिश्चित करें। शाम की पारी में शहर के 5 वार्डों 46, 47, 48, 49 और 37 में अभियान चलाया गया। 5 मार्च तक दोनों पारियों में यह अभियान चलाया जायेगा। इसके साथ ही प्रत्येक माह ये पांच दिवसीय अभियान चलाया जायेगा। आज विशेष सफाई अभियान के दौरान पालिका अध्यक्ष अंजू अग्रवाल के साथ राजीव कुमार जोनल सेनेटरी अधिकारी, कार्यकारी अध्यक्ष सफाई कर्मचारी संघ जितेंद्र मचल, महामंत्री सोनू मचल, सफाई नायक देवी प्रसाद, सोमपाल, शिवकुमार, जीवन कुमार, स्टेनो अध्यक्ष गोपाल त्यागी एवं सफाई कर्मचारी मौजूद रहे। 

Similar News