लखनऊ । मौसम विज्ञानियों ने अनुमान लगाया है कि इस बार मानसून पहले से बेहतर होगा। उत्तर प्रदेश को यह जमकर भिगोएगा। उत्तर प्रदेश में बलिया के रास्ते मानसून की आमद 15 जून के आसपास होती है। इसी समय राजधानी में प्री-मानसून एक्टीविटी शुरू हो जाती हैं। पर इस बार उत्तर प्रदेश में 10 जून के आसपार मानसून के दस्तक देने की संभावना है। वहीं राजधानी में इसकी आमद 15 से 18 जून के बीच हो सकती है।
राज्य में इस बार मार्च से ही भीषण गर्मी का प्रकोप शुरू था। आखिर में बांदा, आगरा, झांसी, प्रयागराज, हमीरपुर, लखनऊ में तो दिन का तापमान 45-45 डिग्री तक पहुंच गया था। अप्रैल में गर्मी ने कई जिलों में रिकॉर्ड तोड़ दिये। आगरा में तापमान 47.3 डिग्री और बांदा में 49 डिग्री तक तक पहुंच गया। लखनऊ में तापमान 45.3 डिग्री तक गया। मई की शुरुआत में पश्चिमी विक्षोभों के कारण बूंदाबांदी और ठण्डी हवाओं के कारण गर्मी से मामूली राहत मिली। इसके बाद मई के दूसरे सप्ताह से भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया। दिन का तापमान 41 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।