पुरानी पेंशन बहाली की मांग लेकर सड़कों पर उतरे कर्मचारी

लखनऊ से शुरू हुई पुरानी पेंशन बहाली मंच की यात्रा का मुजफ्फरनगर पहुंचने पर राज्य कर्मियों ने किया भव्य स्वागत;

Update: 2023-07-28 07:44 GMT

मुजफ्फरनगर। पुरानी पेंशन बहाली के लिए राज्य कर्मचारियों के द्वारा चलाये जा रहे आंदोलन की कड़ी में लखनऊ से शुरू हुई आंदोलन यात्रा का शुक्रवार को जिला मुख्यालय पहुंचने पर राज्य कर्मियों के द्वारा एक बड़े काफिले के साथ स्वागत किया गया। यह यात्रा रामपुर तिराहे से शहर में प्रवेश करने के बाद विभिन्न रास्तों से होते हुए तहसील सदर पहुंची और इसके बाद राज्य कर्मियों की बड़ी सभा का आयोजन किया गया।

पुरानी पेंशन बहाली को लेकर मार्च कर रहे राज्य कर्मचारियों का कहना है कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार पुरानी व्यवस्था में ही राज्य कर्मचारियों के लिए पेंशन की बहाली करें, जिससे सरकारी कर्मचारी के परिवार को उनके रिटायरमेंट के बाद भी आर्थिक मदद मिल सके। राज्य कर्मचारी पुरानी पेंशन बहाली मंच के पदाधिकारी राहुल चैधरी ने बताया कि आज सवेरे यह यात्रा सहारनपुर जनपद से मुजफ्फरनगर जिले में पहुंची और यहां राज्य कर्मियों ने भव्य स्वागत किया। इस यात्रा में सैंकड़ों की संख्या में पैदल मार्च निकाल रहे विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत राज्य कर्मचारी सरकारों के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। विकास भवन, राजस्व विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, चकबंदी विभाग सहित अन्य सरकारी विभागों के सैंकड़ों कर्मचारी इस मार्च में प्रदर्शन रहे। इसमें सेवानिवृत्त कर्मचारी भी शामिल रहे। उन्होंने नारेबाजी करते हुए प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार के खिलाफ हल्ला बोलते हुए कहा कि केंद्र सरकार के द्वारा प्रदेश सरकार व केंद्र सरकार के अंतर्गत काम करने वाले कर्मचारियों की पेंशन की बहाली होनी चाहिए। पुराने नियमों को देखते हुए ही बहाली लागू की जाए, जिससे प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार को सेवा देने वाले व्यक्ति के परिवार को भी फायदा हो सके।

राहुल चैधरी ने बताया कि यह यात्रा तहसील सदर, विकास भवन, शिक्षा विभाग होते हुए शहर के एक बैंकट हाॅल में पहुंची और वहां पर राज्य कर्मचारियों की सभा को प्रदेश पदाधिकारियों के द्वारा सम्बोधित किया गया। यह यात्रा लखनऊ से शुरू हुई थी और आंदोलन के लिए राज्य कर्मचारियों को एकजुट करने को प्रदेश के सभी जनपदों में पहुंच रही है। गुरूवार को यह यात्रा शामली और सहारनपुर पहुंची थी, यहां से आज सवेरे मुजफ्फरनगर आने पर राज्य कर्मियों ने यात्रा का स्वागत किया और आंदोलन की रूपरेखा बनाई गयी है। इस यात्रा को शाम के समय राज्य कर्मचारियों ने बिजनौर जनपद के लिए विदाई दी।

Similar News