यूसीसी पर जनता में भ्रम फैला रहा विपक्षः संजीव बालियान

रूड़की में जनसभा कर हाईवे पर लिब्बरहेडी में कांवड़ लेकर पहुंचे केन्द्रीय मंत्री का हुआ भव्य स्वागत;

Update: 2023-07-12 14:16 GMT

मुजफ्फरनगर। देश में यूसीसी (समान नागरिक संहिता) लागू किये जाने के मुद्दे पर जनता का मन टटोलने के साथ ही सुख और समृद्धि की कामना के साथ अपनी कांवड़ लेकर निकले केन्द्रीय राज्यमंत्री डाॅ. संजीव बालियान बुधवार को रूड़की पहुंचे और यहां पर एक सभा के दौरान शिव भक्त कांवड़ियों तथा अन्य लोगों के साथ यूसीसी पर वार्ता की। उन्होंने कहा कि जनता अपने देश में एक समान कानून की चाह रखती है, लेकिन विपक्ष के नेता इसको लेकर ओछी राजनीति करते हुए भ्रम फैलाने का काम कर रहे है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि वो अपनी इस यात्रा के दौरान करोड़ों लोगों से सम्पर्क कर जन समर्थन जुटायेंगे और पूरी रिपोर्ट केन्द्र सरकार को सौंपी जायेगी।

बता दें कि केन्द्रीय राज्यमंत्री डाॅ. संजीव बालियान ने मंगलवार की दोपहर हर की पौड़ी हरिद्वार से अपनी पैदल कांवड़ यात्रा शुरू की है। वो रात्रि विश्राम के लिए बहादराबाद में रूके और आज सवेरे फिर से यात्रा प्रारम्भ हुई, यात्रा को रूड़की में विराम दिया गया। इस दौरान उन्होंने बातचीत में कहा कि बचपन से ही मेरी इच्छा थी कांवड़ लाने की, क्योंकि यह कांवड़ चलती हरिद्वार से है और गुजरती मुजफ्फरनगर से है। जितनी आस्था और श्र(ा कांवड़ यात्रा को लेकर मुजफ्फरनगर वासियों से ऐसा भक्तिमय माहौल शायद ही कहीं दूसरी जगह देखने को मिले। समान नागरिक संहिता का मैं पूरी तरह से पक्षधर हूं, उत्तराखंड सरकार ने इसको लागू करने के लिए एक कमेटी का गठन है, मेरी यह प्रार्थना इस कांवड़ यात्रा में भगवान भोलेनाथ से यही है कि यहां के मुख्यमंत्री को इतनी शक्ति प्रदान करे कि वो इस राज्य में समान नागरिकता संहिता को लागू कर पायें और पूरे देश में उत्तराखंड एक माॅडल बने। उन्होंने कहा कि जब हम छोटे से थे जबसे हम कांवड़ देखते हुए आ रहे हैं, कांवड़ियों की सेवा और सत्कार को भी खूब देखा है, भावना मेरी बचपन से ही थी, लेकिन भगवान का आदेश नहीं हो पा रहा था। अब भोलेनाथ की कृपा हुई तो कांवड़ लेकर निकला हूं। यह कांवड़ देश के साथ ही मुजफ्फरनगर के कल्याण के लिए भी है। इस यात्रा में सभी बराबर हैं, सभी भोले हैं न कोई मंत्री है और न ही सांसद हैं। समान नागरिक संहिता को लेकर विपक्ष के नेता भ्रम फैला रहे हैं।

इस यात्रा में सबसे बड़ा अवसर यही है कि करोड़ों लोगों से यूसीसी पर बात हो पायेगी। इससे जनता का मन भी खुलकर सामने आयेगा। वो अपनी इस यात्रा में यूसीसी पर मिल रहे समर्थन को लेकर रिपोर्ट केन्द्र सरकार को सौंपेंगे। यात्रा के उद्देश्य के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनको ईश्वर ने बहुत कुछ दिया है। दो बार लगातार सांसद और केन्द्र में मंत्री रहे है, वो अपने लिए कुछ नहीं मांग रहे हैं, केवल अपनों के लिए अपने देश के लिए सुख समृद्धि की कामना के साथ कांवड़ यात्रा पर निकले हैं। उन्होंने कहा कि पिछले नौ साल के बदलाव और विकास को जनता देख रही है। पूर्व की सरकारें कांवड़ यात्रा में डीजे नहीं बजने देती थी, लेकिन इस सरकार के सांसद और मंत्री भी भोले के बीच आम शिव भक्त की तरह ही कांवड़ लेकर निकलते हैं। यही कारण है कि जनता ने उनको ठुकराकर भाजपा को चुना और तीसरी बार भी जनता नरेन्द्र मोदी को पीएम चुनने का काम करेगी। केन्द्रीय मंत्री के साथ सैंकड़ों शिव भक्तों का काफिला भी साथ चल रहा है।

आज सवेरे उन्होंने माइटी आॅटो व्हील कार एजेंसी टोल प्लाजा हरिद्वार से अपनी यात्रा प्रारम्भ की थी। यहां से वो एटूजेड व्हील सोलानी ब्रिज रूड़की पर पहुंचें, जहां उनका स्वागत हुआ। बाद में वो दिल्ली देहरादून हाईवे पर लिब्बरहेडी में अशोक चैधरी के आवास पर रात्रि विश्राम के लिए रूक गये हैं। 13 जुलाई को यहां से उनकी यात्रा एसबीएन डिग्री काॅलेज पुरकाजी बायपास पर उत्तराखंड-यूपी बाॅर्डर में प्रवेश करेगी। रात्रि 8 बजे वो हेरिटेज रिसोर्ट बरला में रात्रि विश्राम के लिए रूकेंगे। 14 जुलाई को सवेरे 10 बजे मुजफ्फरनगर फार्मेसी काॅलेज रामपुर तिराहा पर पहुंचेंगे और रात्रि 8 बजे शिव चैक पर आयेंगे। इस दौरान उनके साथ मुख्य रूप से भाजपा नेता राजू अहलावत, विवेक बालियान, जिला सहकारी बैंक के सभापति ठा. रामनाथ सिंह, डाॅ. नवीन कुमार, जिला पंचायत सदस्य डा. विपिन त्यागी, विजय चैधरी, भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष कार्तिक काकरान, सत्यप्रकाश रेशू, शाहपुर ब्लाॅक प्रमुख अरविंद त्यागी, चरथावल ब्लाॅक प्रमुख अक्षय पुंडीर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य हरेन्द्र शर्मा, एकांश त्यागी, जिला पंचायत सदस्य डा. विपिन, मनीष गर्ग, पूर्व चेयरमैन प्रमेश सैनी, डाॅ. पुरूषोत्तम, एससी मोर्चा मंडल अध्यक्ष प्रभात तोमर, विजित त्यागी, मोनू प्रधान, प्रिंस त्यागी, सोनू त्यागी डबल भी गंगाजल लेकर चल रहे हैं।

Similar News