स्वतंत्र देव सिंह के खिलाफ त्यागी समाज ने दिया धरना
कलेक्ट्रेट में डीएम कार्यालय का घेराव करते हुए योगी सरकार के मंत्री पर लगाया समाज की बेटियों को अपमानित करने का आरोप;
मुजफ्फरनगर। शुकतीर्थ में गंगा की धारा लेकर आये सीएम योगी की मौजूदगी में मंच से सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह द्वारा दिये गये बयान को लेकर आज त्यागी समाज के द्वारा कलेक्ट्रेट में डीएम कार्यालय का घेराव करते हुए मंत्री के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान राज्यपाल को सौंपे गये ज्ञापन में त्यागी समाज ने कड़ा रोष व्यक्त किया। यहां पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट को भी काफी देर धरने पर नीचे ही बैठाये रखा गया।
राष्ट्रीय त्यागी भूमिहार ब्राह्मण समाज समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगेराम त्यागी के नेतृत्व में त्यागी समाज के सैंकड़ों लोग गुरूवार को डीएम कार्यालय पर पहुंचे और धरना शुरू कर दिया। संगठन के पदाधिकारियों ने भाजपा सरकार में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह पर समाज की बेटियों पर अशोभनीय टिप्पणी किए जाने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ नारेबाजी की। रास्ट्रीय अध्यक्ष मांगेराम त्यागी ने कहा कि 22 जुलाई को एक सभा के दौरान मंत्री की ओर से त्यागी समाज, सैनी समाज और कश्यप समाज की बेटियों के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी की गई। जिसका समाज विरोध कर रहा है। प्रदर्शन के बाद इस संबधं में एक ज्ञापन राज्यपाल के नाम नगर मजिस्ट्रेट विकास कश्यप को सौंपा गया। इसमें कहा गया कि त्यागी समाज इतना कमजोर नहीं है कि जो अपनी बहन बेटियों की सुरक्षा न कर पाये। 2017 से पहले यदि कोई घटना मंत्री के संज्ञान में हो तो वो साक्ष्यों के साथ समाज के लोगों को दे। उन्होंने कहा कि मंत्री को समाजविरोधी बयानबाजी के लिए माफी मांगनी चाहिए।
इस दौरान मुख्य रूप से दीपक त्यागी उर्फ बाॅबी, हरेन्द्र त्यागी, प्रमोद त्यागी एडवोकेट, ब्रिजेश त्यागी, नवीन त्यागी, अनिल त्यागी, आदेश त्यागी, संजीव त्यागी, विनय त्यागी, आशीष त्यागी, अनुज त्यागी, धनेश कुमार, रविन्द्र त्यागी, रजनीश त्यागी, बालेश्वर त्यागी, हरिओम त्यागी सहित सैंकड़ो लोग मौजूद रहे।