एसएसपी अभिषेक ने बदला पुलिस लाइन मनोरंजन कक्ष नजारा

मुजफ्फरनगर के एसएसपी एसएसपी अभिषेक यादव द्वारा पुलिस लाइन के मनोरंजन कक्ष का नवीनीकरण एक स्पोर्टर्स क्लब के रूप में कराया गया है। इसमें अब पुलिस कर्मी फुटबाल खेलते हुए भी नजर आयेंगे।

Update: 2020-10-20 11:44 GMT

मुजफ्फरनगर। रिजर्व पुलिस लाइन में सशक्त पुलिसिंग के लिए देश का पहला पुलिस कैफे देने वाले एसएसपी अभिषेक यादव ने अब पुलिस कर्मियों को अवसाद से बचाने के लिए खेल का सहारा लिया है। इसके लिए रिजर्व पुलिस लाइन के मनोरंजन कक्ष में अब पुलिस कर्मचारी जहां फिल्म का आनंद लेंगे तो वह यहीं पर फुटबाल भी खेलते हुए नजर आयेंगे। इसके लिए रिजर्व पुलिस लाइन के मनोरंजन कक्ष का नवीनीकरण करते हुए नया लुक और नई व्यवस्था लागू की हैं।

आईपीएस अभिषेक यादव ने जितने सख्ती के साथ अपराधियों के खिलाफ अपराध उन्मूलन के लिए अभियान चलाये हैं, वह पुलिस कर्मियों को तनाव से बचाने और उनको स्वस्थ रखने के लिए उतने ही संवेदनशील भी नजर आये हैं। थानों में हैप्पी बर्थ-डे की गूंज उनकी ही अनोखी और सराहनीय सोच का परिणाम थी, जिसने काम के बोझ में अपने व अपनों के महत्वपूर्ण आयोजनों को भुला चुके पुलिस कर्मियों के लिए थानों में एक पारिवारिक माहौल पैदा करने का काम किया। अब वह खेलों के सहारे पुलिसकर्मियों को तनाव मुक्त बनाने की मुहिम में जुटे हुए हैं। इसके लिए एसएसपी अभिषेक यादव ने रिजर्व पुलिस लाइन के मनोरंजन कक्ष को नया लुक देने का काम किया है।

मनोरंजन कक्ष को केवल फिल्म और समाचार के मनोरंजन तक ही सीमित समझा जाता था, लेकिन आज यहां पर विभिन्न प्रकार के खेलों की व्यवस्था की गयी हैं। यहां पर पुलिस कर्मी व उनके परिजन फुर्सत के पलों में खेलों का आनंद ले सकंेगे। आज मनोरंजन कक्ष के नवीनीकरण का उद्घाटन एसएसपी द्वारा उप निरीक्षक निरंजन सिंह के कर कमलों से कराया गया। रिजर्व पुलिस लाइन के प्रतिसार निरीक्षक अब्दुल रईस खान ने बताया कि पुलिस लाइन के मनोरंजन कक्ष का नवीनीकरण करते हुए इसको नया लुक दिया गया है। इसमें अब फिल्म व समाचार देखने की व्यवस्था के साथ ही इंडोर फुटबाल, टेबिल टेनिस और कैरम आदि खेलों की व्यवस्था पुलिसकर्मियों के मनोरंजन के लिए की गयी है। 

Tags:    

Similar News