मुजफ्फरनगर में एसएसपी कार्यालय पर महिला की हरकत से मचा हड़कम्प!

एडीजी मेरठ जोन के दौरे पर आने से पहले अपनी ससुराल के लोगों के खिलाफ शिकायत के बाद कार्यवाही नहीं होने पर मिट्टी का तेल लेकर आत्मदाह करने पहुंची।

Update: 2020-08-18 08:47 GMT

मुजफ्फरनगर। ससुराल के लोगों के द्वारा कथित उत्पीड़न से परेशान एक महिला आज न्याय नहीं मिलने से क्षुब्ध होकर पुलिस कार्यालय पर आत्मदाह करने के इरादे से पहुंची। इस महिला ने अपने साथ आये पुरुष के साथ एसएसपी कार्यालय के समक्ष धरना शुरू कर दिया और अपने साथ लाई मिट्टी के तेल की केन को सामने रखते हुए आत्मदाह करने की चेतावनी देने लगी। महिला को आत्मदाह की तैयारी करते हुए देखकर वहां पर एडीजी मेरठ जोन के दौरे की तैयारियों में जुटे पुलिस अफसरों के हाथ-पांव फूल गये। पुलिस अफसरों ने इस महिला से मिट्टी के तेल की केन छीनकर उसको वहां से भगा दिया। इसके बाद भी पुलिस पूरी तरह से चौकन्नी रही।

बता दें कि मंगलवार को एडीजी मेरठ जोन राजीव सभरवाल वार्षिक निरीक्षण के लिए मुजफ्फरनगर आ रहे थे। इसी की तैयारियों को लेकर पुलिस कार्यालय में भी पूरी हलचल थी। गेट से लेकर एसएसपी कार्यालय पर पुलिस सतर्क थी, लेकिन इसके बावजूद भी एक महिला मिट्टी के तेल की केन लेकर पुलिस कार्यालय में अंदर पहुंच गयी। इस महिला के साथ एक पुरुष भी था, उसके मायके की ओर से बताया जा रहा है। इस महिला ने एसएसपी कार्यालय के समक्ष ही धरना शुरू कर दिया।


मजबूत सुरक्षा होने के बाद भी एसएसपी कार्यालय आत्मदाह करने पहुंची यह महिला मन्सूरपुर थाना क्षेत्र के गांव पुरबालियान की निवासी बताई गई है। उसने अपने ससुराल वालों पर आरोप लगाया है कि उसके ससुराल के लोग उससे दहेज की मांग कर उत्पीड़न कर रहे हैं। इस महिला का दूसरा ओराप यह है कि उसके ससुर और देवर ने उसके साथ बलात्कार भी किया है, जिसकी उन्होंने वीडियो भी बना ली है। अब उसके ससुराल के लोग ब्लात्कार करते हुए बनाई गई उसकी वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहे हैं। इससे वह परेशान है। वह अपने मायके में रह रही है। धरने पर बैठी विवाहिता ने कहा कि इसकी शिकायत भी पुलिस को की गई, लेकिन कोई भी सुनवाई नहीं हो रही है। उस महिला ने अगर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती तो वह आत्मदाह कर लेगी। इस विवाहिता को एसएसपी आॅफिस के सामने ही धरने पर बैठे देखकर पुलिस में हड़कम्प मच गया। आनन-फानन में ही पुलिस ने विवाहिता के पास मौजूद मिट्टी के तेल की केन को छीना और उससे पूछताछ भी की। बाद में इस महिला को पुलिस कार्यालय से भगा दिया गया। पुलिस अफसरों ने महिला को कार्यवाही का आश्वासन भी दिया है। एडीजी के दौरे पर आने से पहले हुए इस मामले से पुलिस कर्मियों के हाथ-पांव फूले रहे, इसके बाद पुलिस कार्यालय के मुख्य द्वार पर सुरक्षा बंदोबस्त कड़े कर दिये गये। 

Tags:    

Similar News